राम रहीम पर फिर बोल पड़े बीजेपी सांसद साक्षी महाराज, अब क्या कहा पढ़िए यहां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का कोई समर्थन नहीं किया और न ही इस मामले में कोर्ट के फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि मीडिया ने मेरी बात को गलत तरीके से पेश किया है। उन्होंने मामले में कोर्ट की कार्रवाई को जायज ठहराया है।
बुधवार को देहरादून से कुछ देर के लिए तीर्थनगरी पहुंचे सांसद साक्षी महाराज रेलवे रोड स्थित भगवान भवन में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा दिए जाने के मामले में दिए गए अपने बयान पर सफाई पेश करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि मैं न्यायालय के फैसले का समर्थन करता हूं। करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों का यही हश्र होना चाहिए।
बता दें कि उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा था कि "कोर्ट करोड़ों भक्तों की बात नहीं सुन रहा है, सिर्फ एक शिकायतकर्ता की बात सुन रहा है। बीजेपी सांसद ने सीधे-सीधे कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक शिकायतकर्ता सही है या करोड़ों भक्त। साक्षी महाराज ने यह भी कहा था कि कोर्ट ने सीधे-सादे राम रहीम को बुला लिया, नुकसान के लिए कोर्ट भी जिम्मेदार है।"
बयान को गलत तरीके से पेश किया गया
साक्षी ने कहा कि उन्होंने कभी राम रहीम का पक्ष नहीं लिया और न ही न्यायालय के फैसले की आलोचना ही की, कहा कि इस मामले में उनके बयान को मीडिया ने गलत तरीके से प्रस्तुत किया है। लिहाजा वह कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं।
इस दौरान उन्होंने दोकलम में चीन के पीछे हटने को भारत की जीत करार दिया। कहा कि हमने दोकलम में बिना युद्ध लड़े ही जीत हासिल कर ली। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक जीत बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
साक्षी महाराज ने चीन को आगाह किया कि यह 1962 नहीं 2017 है, और इस वक्त देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने मोदी को सशक्त पीएम बताते हुए कहा कि उन्होंने इस मामले में चीन को कूटनीतिक तरीके से जवाब दिया है। प्रेसवार्ता के दौरान टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी आदि भी मौजूद थे।