उर्स मेले में बवाल: ठेला हटाने को लेकर हुई कहासुनी, लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरा, भीड़ पर फटकारी लाठियां
झूला सर्कस ग्राउंड में गन्ने के जूस का ठेला लगा था। ठेला हटाने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों और संचालक के बीच कहासुनी हो गई।
विस्तार
दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स मेले में जायरीनों की भारी भीड़ के बीच झूला सर्कस ग्राउंड में गन्ने के जूस का ठेला और बाइक को हटाने को लेकर पुलिसकर्मियों और ठेला संचालक के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों और जायरीनों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेने के साथ ही एक बाइक को भी कब्जे में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला सर्कस ग्राउंड में गन्ने के जूस का ठेला लगा था। ठेला हटाने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों और संचालक के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ठेला संचालक की बाइक अपने साथ ले जाने लगा। इसका संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने थाने को सूचना दी। कुछ देर बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच फिर कहासुनी हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठियां फटकारी, जिसके बाद लोग वहां से हट गए। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई और बाइक भी थाने ले जाई गई। वहीं, जूस के ठेले के संचालक शाहरुख ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उसका आरोप है कि उसने झूला सर्कस के ठेकेदार को 25 हजार रुपये शुल्क देकर मेले के ग्राउंड में ठेला लगाने के लिए स्थान लिया था।
शाहरुख का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और उसके साथ हाथापाई की ओर दूसरी चाबी लगाकर उसकी बाइक ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। उसने आरोप लगाया कि भीड़ को हटाने के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में उसके हाथ में चोट भी लगी।