रुड़की: तमंचे के बल पर फाइनेंस कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट, विरोध करने पर पैर में मारी गोली
- कुआंखेड़ा के पास हथियारबंद तीन बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
- नारसन कलां का रहने वाला है कर्मी, पुलिस बदमाशों की कर रही तलाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कुआंखेड़ा गांव के पास तमंचे के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हजारों की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारी के ऊपर फायर झोंक दिया। पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारी को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नारसन कलां गांव निवासी शिवम पुत्र मांगेराम रुड़की की एक फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। शिवम हर शुक्रवार को लक्सर क्षेत्र में ग्रामीणों से फाइनेंस की किश्त लेने आते हैं।
शुक्रवार को भी वह किश्त लेने के बाद कुआंखेड़ा के रास्ते रुड़की लौट रहे थे। जैसे ही वह कुआंखेड़ा गांव के तटबंध के पास पहुंचे तो पहले से ही घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर शिवम से 15 हजार की नगदी छीन ली।
विरोध किया तो तमंचे से फायर झोंक दिया
शिवम ने विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। पैर में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर जा गिरे। इस बीच मौका देखकर बदमाश फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टरों ने उसे ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। फाइनेंस कर्मचारी गंभीर घायल था, जिसके चलते उससे ज्यादा जानकारी नहीं ली गई है। युवक के ठीक होने पर जानकारी ली जाएगी।
बदमाशों को थी शिवम की जानकारी
बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें पहले से ही शिवम के लक्सर क्षेत्र में आने की जानकारी थी। बदमाश यह भी जानते थे कि वह हर शुक्रवार को किश्त लेने आते हैं। बदमाशों ने पूरी प्लानिंग से घटना को अंजाम दिया है।
किश्त देने वालों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
मामले में पुलिस लक्सर क्षेत्र में शिवम को किश्त जमा करने वालों की भी कुंडली खंगाल रही है। जानकारी जुटा रही है कि किन-किन लोगों ने फाइनेंस पर रकम ले रखी है। जिन लोगों ने रकम ले रखी है, इनका कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है। इसके अलावा पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी घटना की जांच कर रही है।