रुड़की: बच्चों के विवाद में ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, हवाई फायरिंग से मची अफरा-तफरी
- बच्चों के विवाद में गांव के ही दूसरे पक्ष पर हमला करने का है आरोप
- पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध, मामले की गहनता से कर रही जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की के मंगलौर में बच्चों के विवाद में ग्राम प्रधान पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और जानकारी ली।
फायरिंग की घटना को संदिग्ध मानकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही दोनों पक्षों को विवाद करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव में बुधवार शाम ग्राम प्रधान ओमवीर और पड़ोसी के बच्चे खेल रहे थे।
इसी बीच बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। ग्राम प्रधान ने बच्चों को डांट लगा दी और झगड़ा नहीं करने की बात कही। आरोप है कि इसे लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने गांव में ही पंचायत की और ग्राम प्रधान को बुलाकर मारपीट करने की योजना बनाई।
फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई
भनक लगने पर ग्राम प्रधान पंचायत में नहीं पहुंचे। बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान गांव में ही एक सड़क की पैमाइश करा रहे थे। आरोप है कि इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया। ग्राम प्रधान ने जान बचाने का प्रयास किया तो हवाई फायरिंग कर दी। हवाई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। इस बीच कोतवाली प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस हिमांशु वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस फायरिंग की घटना को संदिग्ध मान रही है।
साथ ही ग्रामीणों से जानकारी ले रही है। वहीं, ग्राम प्रधान ने दूसरे पक्ष के लोगों से जानमाल का खतरा जताते हुए तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी हिमांशु वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों को शांति बनाने के निर्देश दिए हैं। विवाद करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।