सड़क हादसा: पिथौरागढ़ में ट्रक-कार की भिड़ंत में प्रधानाचार्य की मौत, चंपावत में पीएसी के संविदा कर्मी ने तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में गंगोलीहाट-दशाईथल मार्ग पर ट्रक और कार की टक्कर में जीआईसी खिरमांडे के प्रधानाचार्य की मौत हो गई जबकि कार में पीछे की सीट पर बैठे शिक्षक और ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए। तीनों का गंगोलीहाट सीएचसी में इलाज चल रहा है।
शुक्रवार को जीआईसी खिरमांडे के प्रधानाचार्य तेज सिंह मेहरा (57) अपनी कार संख्या (यूके 05बी 4197) से दशाईथल से गंगोलीहाट की ओर आ रहे थे। कार के पीछे की सीट पर शिक्षक लक्ष्मण सिंह रावत बैठे थे। गंगोलीहाट जीआईसी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक( यूके 04 सीए 0706) के साथ कार की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में प्रधानाचार्य तेज सिंह मेहरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिक्षक लक्ष्मण सिंह रावत और ट्रक में सवार पुष्कर सिंह और खुशाल सिंह घायल हो गए।
हादसे की खबर सुनते ही मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंगोलीहाट पुलिस ने ट्रक चालक भैरव गिरि को हिरासत में ले लिया। मेडिकल में ट्रक चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई। परिजनों की ओर से तहरीर सौंपने के लिए गंगोलीहाट थाने में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रधानाचार्य तेज सिंह मेहरा मूल रूप से गंगोलीहाट के डूनी निवासी थे। वह वर्तमान में गंगोलीहाट नगर में रह रहे थे। उनकी पत्नी लीला मेहरा जीआईसी दशाईथल में शिक्षिका हैं। बेटी चंद्रा मेहरा बेड़ीनाग में वन क्षेत्राधिकारी के पद पर तैनात है, जबकि बेटा कमल मेहरा दिल्ली में कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाता है। हादसे की सूचना उनके बेटे को दे दी गई है। इस हादसे के बाद प्रधानाचार्य की पत्नी और पुत्री सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है।
होम क्वारंटीन लोगों की व्यवस्था का निरीक्षण कर लौट रहे थे गंगोलीहाट
प्रधानाचार्य तेज सिंह मेहरा को प्रशासन ने खिरमांडे क्षेत्र के होम क्वारंटीन लोगों की व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया था। शुक्रवार की सुबह वह निरीक्षण करने गए थे, लेकिन गंगोलीहाट पहुंचने से पहले ही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को रौंद दिया। मृतक तेज सिंह मेहरा बेहद मिलनसार और मृदुभाषी थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में शिक्षक सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। उनके साथ प्रतिदिन स्कूल जाने वाले शिक्षक नरेंद्र सिंह धानिक ने बताया कि वह पिछले साढ़े चार साल से उन्हीं की कार से स्कूल आते-जाते थे, लेकिन उन्होंने शुक्रवार को विद्यालय जाने की बात नहीं बताई। उनके निधन पर खंड शिक्षा अधिकारी केके पंत, नायब तसहललदार दिनेश कुटौला, शिक्षक संघ के भीमराज भंडारी, रमेश जोशी सहित तमाम शिक्षकों ने शोक जताया।
तीन घंटे से अधिक समय तक लगा जाम
गंगोलीहाट-राईआगर मोटर मार्ग में ट्रक-कार की भिड़ंत के बाद जाम लग गया। लगभग तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने जेसीबी मौके पर ले जाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
सड़क हादसे में पीएसी के संविदा कर्मी की मौत
पीएसी की 46वीं बटालियन के एक संविदा कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक लोहाघाट के फोर्ती का रहने वाला था। वह पीएसी की 46वीं बटालियन में संविदा पर कुक था। वह देहरादून से छुट्टी लेकर बाइक से अपने घर लोहाघाट जा रहा था।'
लोहाघाट के फोर्ती गांव निवासी रोहित पुनेठा (29) पुत्र जगदीश चंद्र पुनेठा पीएसी की 46वीं बटालियन में साथ देहरादून में तैनात था। वह दस दिन की छुट्टी लेकर बाइक (यूके07एएम/2554) से शुक्रवार सुबह अपने घर लोहाघाट जा रहा था कि टनकपुर में ककरालीगेट से करीब सौ मीटर दूर उसकी बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे की सूचना पर 108 वाहन से उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जवान के परिजन और पीएसी की 46वीं बटालियन को हादसे की सूचना दे दी गई।