भूस्खलन से ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे बंद, वाहनों में दिनभर भूखे-प्यासे बैठे रहे यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर ऑल वेदर रोड निर्माण के दौरान बेमर में भूस्खलन होने से राजमार्ग शनिवार सुबह छह बजे बंद हो गया था। बीआरओ ने मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई, लेकिन देर शाम तक भी हाईवे पर आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। आवाजाही बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों को वाहनों में घंटों बैठकर यातायात सुचारु होने का इंतजार करना पड़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से ऑल वेदर रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को सुबह छह बजे ताछला और फकोट के बीच बेमर के पास पहाड़ से भारी भूस्खलन हो गया, जिससे सड़क पर करीब 100 मीटर हिस्से पर मिट्टी-पत्थर के ढेर लग गए, जिससे हाईवे पर यातायात बंद हो गया। सड़क पर मलबा आने के कुछ समय बाद ही बीआरओ और सड़क निर्माण कर रही एजेंसी ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया था, लेकिन पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने का काम बाधित होता रहा।
इससे एनएच पर शाम साढ़े पांच बजे तक भी यातायात सुचारु नहीं हो पाया। यात्रियों को दिनभर भूखे-प्यासे सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। मौके पर मौजूद नरेंद्रनगर की एसडीएम युक्ता मिश्र ने बताया कि सड़क पर काफी मात्रा में मलबा गिरा है और पहाड़ी से रुक रुककर पत्थर बरसने से मलबा हटाने का काम बाधित होने से सड़क खोलने में विलंब हो रहा है।
नहीं हो पाई दूध-सब्जी की सप्लाई
ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भूधंसाव के कारण बेमर में बंद होने से जिला मुख्याल सहित चंबा, घनसाली, जाखणीधार और प्रतापनगर आदि क्षेत्रों में दूध और अन्य जरूरी खाद्यन्न की सप्लाई नहीं हो पाई, जिससे बाजार में दूध, सब्जी और फलों की भारी कमी देखी गई। हाईवे सुबह छह बजे बंद होने से दूर-दराज जाने वाले लोगों को भी वहां खासा परेशान रहना पड़ा।