एक नशेड़ी ने रेलवे ट्रैक से निकाल दी पेंड्रोल क्लिप, उसके बाद वहां से गुजरी तीन ट्रेन और फिर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेल संरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे एक नशेड़ी को आरपीएफ ने रेलवे ट्रैक से पेंड्रोल क्लिप चोरी करते धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पूर्व में ट्रैक से निकाले गए क्लिप भी एक कबाड़ी की दुकान से बरामद हुए हैं। आरपीएफ ने कबाड़ी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरपीएफ को शनिवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि काशीपुर-मुरादाबाद और काशीपुर-लालकुआं संभाग के दो रेलवे ट्रैक से 37 पेंड्रोल क्लिप चोरी हो गए हैं। इस पर आरपीएफ की टीम ट्रैक के निरीक्षण को पहुंची। टीम ने पाया कि दोनों ट्रैकों से कुछ-कुछ दूरी से पेंडोल गायब हैं। काशीपुर-लालकुआं ट्रैक से 18, काशीपुर-मुरादाबाद ट्रैक से सात और रेलवे जंक्शन से फाटक केबिन तक करीब 200 मीटर की दूरी क्षेत्र में बने आठ ट्रैक के यार्डों से 25 पेंड्रोल गायब थे।
इसके बाद, टीम ने रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक को टांडा क्रॉसिंग के पास दोनों रेलवे ट्रैकों से पेंड्रोल क्लिप निकालते रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके कब्जे से 13 पेंडोल क्लिप बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सईद निवासी ग्राम पतिया नंगला अलीगंज यूपी बताया। आरपीएफ ने उसकी निशानदेही पर पेंड्रोल क्लिप अल्ली खां निवासी अनवर कबाड़ी के गोदाम से 37 पेंड्रोल क्लिप बरामद किए। पूछताछ में सईद ने बताया कि वह रेलवे ट्रैक के जिस हिस्से से पेंड्रोल क्लिप निकालता है, उस स्थान को छिपाने के लिए पत्थर रख देता था।
क्लिप निकालने के बाद से इस ट्रैक से गुजर चुकी थी तीन ट्रेन
क्लिप निकालने के बाद से इस ट्रैक से रात में ट्रेन संख्या 55014 व 14315 और सुबह 55316 गुजर चुकी थी। आरपीएफ के निरीक्षक ओपी मीणा ने बताया कि यदि ट्रैक से लगातार पेंड्रोल क्लिप निकाले जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। चूंकि कुछ-कुछ दूरी से पेंड्रोल क्लिप निकाले गए हैं, इस कारण ट्रैक को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। आरपीएफ ने सईद और अनवर के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले भी हो चुका है रेलवे ट्रेक क्षतिग्रस्त करने का प्रयास
मई 2018 में मुरादाबाद रेलवे ट्रैक से शरारती तत्वों ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की नीयत से 105 पेंड्रोल क्लिप निकाले थे। गनीमत रही कि तब मुरादाबाद से काशीपुर की ओर आ रही पैसेंजर ट्रेन लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक ली थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया था। इस मामले में अभी तक आसपास के गांवों में रहने वाले दर्जनों संदिग्धों से पूछताछ हो चुकी है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका।
लालकुआं-मुरादाबाद संभाग के बीच रेलवे ट्रैक से शनिवार की रात और रविवार की सुबह 50 पेंड्रोल क्लिप चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी और कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
- ओपी मीणा, निरीक्षक आरपीएफ, काशीपुर जंक्शन