जल्द उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी, पीएम मोदी और अमित शाह को 'जवाब' देने की बना रहे रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जल्द ही उत्तराखंड आकर मोदी-शाह की जोड़ी को जवाब देंगे। बरसात के कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी का कार्यक्रम तय करने से फिलहाल बच रही है।
मगर बरसात निपटने के बाद इस कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। मोदी-शाह के उत्तराखंड दौरे के बाद इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नए सिरे से विचार शुरू कर दिया है।
एक ही सप्ताह में मोदी-शाह के उत्तराखंड दौरे से भाजपा के लोग भी चकराए हुए हैं। जाहिर तौर पर कांग्रेस की धड़कने भी बढ़ी हुई हैं। भाजपा के हाईकमान के स्तर पर लगातार उत्तराखंड को तवज्जो के निहितार्थ तलाशने की कोशिश भी हो रही है।
प्रधानमंत्री योग दिवस पर इस बार देहरादून आ रहे हैं। इसके बाद, 24 जून को अमित शाह का उत्तराखंड दौरा है। यह सब मानकर चल रहे हैं कि इन दौरों का कनेक्शन लोकसभा चुनाव से जुड़ा है, लेकिन उत्तराखंड को खास तवज्जो को सियासी लोग समझ नहीं पा रहे हैं। आखिर पांच सीटों वाले उत्तराखंड पर भाजपा हाईकमान का इतना जोर क्यों है, इस सवाल का मुकम्मल जवाब अब तक तो नहीं मिल पाया है।
इन स्थितियों के बीच, कांग्रेस के खेमे में बेचैनी है। राज्य में नई सरकार बनने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दूसरी बार उत्तराखंड आ रहे हैं। इसी तरह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले केदारनाथ और हरिद्वार में आ चुके हैं। कांग्रेस महसूस कर रही है कि अपने कार्यकर्ता के मनोबल को बनाए रखने के लिए उसे भी किसी बडे़ नेता के कार्यक्रम की उत्तराखंड में जरूरत है।
उत्तराखंड कांग्रेस की शीर्ष प्राथमिकता में राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी उत्तराखंड कांग्रेस को अपने कार्यक्रम के संबंध में पूर्व में सहमति दे भी चुके हैं। अब देखना ये है कि उत्तराखंड कांग्रेस कौन सी तिथियां इस कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित करती है।
निश्चित तौर पर जब किसी पार्टी का बड़ा नेता आता है, तो कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ता है। मोदी-शाह आ रहे हैं, ये भाजपा का अपना मामला है। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, मेरी कुछ दिनों पहले जब राहुल गांधी जी से मुलाकात हुई थी, तो उन्होंने उत्तराखंड आने की इच्छा जाहिर की थी। बरसात के कारण हम उनका कार्यक्रम लेने से बच रहे हैं। बरसात निपटने के बाद राहुल गांधी जी उत्तराखंड में कार्यक्रम होगा।
-प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस