पुलवामा के आतंकी हमले के बाद पंतनगर एयरपोर्ट पर विशेष चौकसी, ऐसे हो रही सुरक्षा जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलवामा के आतंकी हमले के बाद पंतनगर एयरपोर्ट पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। एयरपोर्ट के अफसरों ने आगंतुकों (विजिटर्स) पर भी अब रोक लगा दी है। एयरपोर्ट आने वाले वाहनों की भी सघन तलाशी भी ली जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था भी तीन चरणों में की गई है।
पंतनगर एयरपोर्ट से देहरादून, दिल्ली और पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवाएं संचालित होती हैं, लेकिन एयर हेरिटेज के विमान में आई तकनीकी दिक्कतों के चलते पिथौरागढ़ के लिए सेवा आगामी दस मार्च तक बंद है। पुलवामा आतंकी हमले और इसके बाद के तनाव को देखते हुए अब एयरपोर्ट पर विजिटर्स के आने पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी गई है।
इसके साथ ही यात्रियों की तीन चरणों में सुरक्षा जांच की जा रही है। एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी होने से आगंतुकों के आने पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगाई है। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद रोक हटाई जाएगी।
नैनीसैनी से जल्द शुरू होगी नियमित उड़ान : पंत
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि नैनीसैनी हवाई पट्टी से 20 सीटर विमान जल्द उड़ान भरेगा। प्रदेश सरकार इसके लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। सोमवार को सरस बाजार के उद्घाटन के लिए पिथौरागढ़ पहुंचे वित्त मंत्री पंत ने कहा कि हेरिटेज एविएशन की ओर से संचालित नौ सीटर विमान की सेवा इस समय तकनीकी कारणों से बंद की गई थी। डीजीसीए द्वारा जांच की गई है। इस पर डीजीसीए को ही फैसला लेना है। हेरिटेज एविएशन को 20 सीटर जहाज का संचालन करने को कहा गया है। उड़ान योजना के तहत सीमांत की जनता को हवाई सेवा का लाभ मिले इसके गंभीर प्रयास हो रहे हैं।
अब तक नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान का हाल
नैनीसैनी हवाई पट्टी से 17 जनवरी से पहली व्यावसायिक उड़ान शुरू हुई थी। 18 जनवरी को दूसरे दिन ही विमान सेवा में व्यवधान आया। विमान पंतनगर से सुबह 10.30 बजे के बजाय दिन में 2.10 बजे नैनीसैनी पहुंचा। 19 जनवरी को तीनों फ्लाइट ठीक रहीं। 20, 21, 22 जनवरी को विमान सेवा बंद रही। 23 जनवरी को साप्ताहिक छुट्टी के कारण उड़ान बंद रही। इसके बाद 24 जनवरी को सेवा सुचारु रही। 25 जनवरी को तकनीकी खराबी के कारण विमान पंतनगर से पिथौरागढ़ नहीं आ सका। 26 जनवरी को तीन फ्लाइट संचालित हुई।
खराब मौसम के कारण विमान दो घंटा देरी से नैनीसैनी पहुंचा
27 जनवरी को पंतनगर में विजीविलिटी कम होने से अपराह्न तीन बजे विमान यहां पहुंचा। 28 और 29 जनवरी को उड़ान नियमित रही। 30 जनवरी को साप्ताहिक अवकाश था। 31 जनवरी से छह फरवरी तक हवाई सेवा सुचारु रही, सात फरवरी को खराब मौसम के कारण फिर विमान सेवा बंद रही।
आठ फरवरी को खराब मौसम के कारण विमान दो घंटा देरी से नैनीसैनी पहुंचा। नौ फरवरी को नैनीसैनी से पंतनगर के लिए यात्रियों को लेकर गया विमान तकनीकी खराबी के कारण पंतनगर से पिथौरागढ़ नहीं आया। एयरपोर्ट अथारिटी की ओर से नैनीसैनी के लिए 18 फरवरी तक हवाई सेवा बंद रखने की बात कही गई थी। टिकट बुक करा चुके यात्रियों को 19 फरवरी से उड़ान शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन यह तिथि भी बढ़ा दी गई है। अब 10 मार्च तक सेवा के बंद रहने की बात कही जा रही है। हवाई मार्ग से आवागमन करने का सपना देख रहे लोगों को बसों और कारों में धक्के खाते हुए सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।