उत्तराखंड मौसम: कुमाऊं में भारी बारिश से सड़कों पर पसरा मलबा, जगह-जगह फंसे रहे यात्री, कई जगह रास्ते बंद
उत्तराखंड में प्री मानसून की पहली ही बारिश ने कुमाऊं में तबाही मचा दी। भारी बारिश के बाद मलबा आने से कई जगह रास्ते बंद हो गए हैं तो घरों और खेतों में भी मलबा फैल गया है।
विस्तार
उत्तराखंड के कुमाऊं में बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कई नेशनल हाईवे और अन्य संपर्क मार्गों पर घंटों यातायात बाधित रहा। मार्ग बंद होने से रास्तों में कई वाहन फंसे रहे। इससे यात्रियों को भारी परेशान का सामना करना पड़ा। टनकपुर-चंपावत राजमार्ग कई जगह बंद होने से मैदान से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहन करीब साढ़े छह घंटे टनकपुर में फंसे रहे।
उत्तराखंड: शुक्रवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट, नदियों के पास रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह
मलबा आने से मां पूर्णागिरि धाम मार्ग नौ घंटे तक बंद रहा। चंपावत जिले में 16 और पिथौरागढ़ जिले में 4 सड़कें बंद हो गई हैं। बारिश से गाड़-गधेरों और नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। हालांकि बारिश से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से राहत भी मिली है।
उत्तराखंड: प्री-मानसून की बारिश से मालदेवता में तबाही, घरों-दुकानों में घुसा मलबा, कई गांवों का दून से संपर्क कटा
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश से नदियों और गाड़-गधेरों का जलस्तर बढ़ गया है। बारहमासी सड़क तीन घंटे और पिथौरागढ़-धारचूला एनएच दो घंटे तक बंद रहा। इससे धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट आदि क्षेत्रों को जाने वाले वाहन फंसे रहे।
बेड़ीनाग में सर्वाधिक 47 मिमी बारिश हुई। पिथौरागढ़ में 33, डीडीहाट में 31, मुनस्यारी और गंगोलीहाट में चार मिमी बारिश हुई। उधर,शांतिवन के पास पहाड़ी दरकने से बंद कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी नहीं खुल सका। अल्मोड़ा में झमाझम बारिश हुई और बृहस्पतिवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मकड़ाऊ के पास मलबा आने ने से हाईवे ढाई घंटे बंद रहा।
जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया
चंपावत जिले में मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश ने चूका क्षेत्र की पोथ ग्राम पंचायत के लोडियालसेरा में भारी तबाही मचाई। बरसाती नाले से आए मलबे से जहां किसानों की फसल चौपट हो गई वहीं मलबा डंप होने से खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई घरों में भी मलबा घुसने से सामान बर्बाद हो गया।
कोट अमोड़ी ग्राम पंचायत के संर्दका गांव में भूस्खलन से एक आवासीय मकान सीढ़ी और आंगन सहित धराशायी हो गया। मकान में रह रहे लोगों ने किसी तरह जान बचाई। नेपाल सीमा से लगी चंपावत-मंच-तामली सड़क बृहस्पतिवार को मलबा आने और पेड़ गिरने से तीन घंटे बंद रही।
ऊधमसिंहनगर जिले में भी बारिश से उमस से राहत मिली है। गरमपानी से मिले समाचार के अनुसार शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी से आगे दोपहर भारी मात्रा में मलबा आने से मार्ग दो घंटे बंद रहा। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।