ननद-भाभी के झगड़े से 'चकराए' कांग्रेस के दबंग MLA
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की के ‘मोटल पोलरिश’ पर स्वामित्व के पारिवारिक विवाद के बीच होटल के दिवंगत मालिक की पत्नी ने खानपुर से कांग्रेसी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर पुलिस के जरिए उन्हें होटल से बेदखल कराने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि चैंपियन काफी वक्त से होटल पर कब्जे की फिराक में हैं। डीआईजी ने एसएसपी हरिद्वार से चार दिन में रिपोर्ट तलब की है। पति ध्रुव सिंह की मौत के बाद रुड़की के सिविल लाइन स्थित होटल ‘मोटल पोलरिश’ पर हक जताने वाली नूपुर सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में चैंपियन और रुड़की पुलिस को सवालों के घेरे में खड़ा किया।
आरोप लगाया कि चैंपियन ने वर्ष 2012 में होटल का कमरा खाली कराने के लिए पति ध्रुव सिंह पर गोली चला दी थी। राजनीतिक पैंतरेबाजी के बाद मुकदमा वापस हो गया था। इस बीच बीमारी से पति ध्रुव की मौत के बाद वह संपत्ति की अकेली वारिस हैं।
मगर संपत्ति कब्जाने को उनकी ननद ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए रुड़की नगर निगम में अपना नाम दर्ज करा लिया था, हालांकि हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। आरोप है कि विधायक ननद के साथ होटल कब्जाना चाहते हैं।
तीन दिन पहले पुलिस ने विधायक के दबाव में उन्हें होटल से बेदखल कर दिया। गैर कानूनी कार्रवाई के बाद कोई सुनने को तैयार नहीं है। इसके बाद नूपुर अधिवक्ता राजीव रतूड़ी के साथ डीआईजी संजय गुंज्याल से मिलीं। पूरी बात सुनने के बाद डीआईजी ने हरिद्वार की एसएसपी से बात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
कब्जा नहीं, होटल पर हमारा विधिक अधिकार
रुड़की में बस स्टैंड के पास स्थित मोटल पोलरिस के संस्थापक युधिष्ठिर सिंह की बेटी शिवानी चंद सिंह ने दावा किया कि उनका भी अपने पिता की संपत्ति में बेटे के बराबर का हिस्सा है। इसी अधिकार के नाते तीनों बहनें होटल का संचालन कर रही हैं। उन्होंने अपने दिवंगत भाई ध्रुव सिंह की पत्नी नूपुर सिंह पर गलत बयानबाजी करने और गुंडातत्वों के साथ मिलकर होटल पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप भी लगाया।
सोमवार की शाम होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए शिवानी सिंह ने कहा कि इस तरह का प्रचार किया जा रहा है कि हम तीनों बहनों ने होटल पर अनधिकृत कब्जा कर लिया है जबकि हकीकत यह है कि उनके पिता ने बाकायदा तीनों बहनों को भी भाई के साथ हिस्सेदार बनाया हुआ है।
इस हिसाब से उनकी भाभी का एक चौथाई हिस्सा होटल की संपत्ति में है जिसे तीनों बहनें देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इस मामले में मेयर यशपाल सिंह राणा पर भी अपने अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि राणा उनके होटल के मामले को निगम की कार्यकारिणी की बैठक में लाकर संपत्ति को ध्रुव सिंह के नाम पर ही दर्ज करने की बात कह रहे हैं जो नियम विरुद्ध है।
होटल को लेकर लगाए गए जा रहे तमाम आरोप अनर्गल और निराधार हैं। ध्रुव सिंह की बहनों से मेरा पारिवारिक रिश्ता है। संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा हूं।
- कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक खानपुर क्षेत्र