पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा होंगे उत्तराखंड से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी
उत्तराखंड में राज्यसभा की सीट के लिए प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर कांग्रेस ने विराम लगा दिया है। पार्टी ने प्रदीप टम्टा को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया है। प्रदीप टम्टा उत्तराखंड की अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ की सुरक्षित सीट से भाजपा के अजय टम्टा को हराकर लोकसभा पहुंचे थे। 2014 के आम चुनावों में उन्हें अजय टम्टा के हाथों ही हार का मुंह देखना पड़ा था।
कांग्रेस में पिछले कई दिनों से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी को लेकर असमंजस चल रहा था। पार्टी में अंदरखाने कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी के नामों की चर्चा उठी तो उत्तराखंड कांग्रेस के नेता बाहरी व्यक्ति को उच्च सदन में भेजने का विरोध करने लगे।
प्रदेश के नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का नाम भी आगे बढ़ा दिया। हालांकि किशोर उपाध्याय ने राज्यसभा से अपनी उम्मीदवारी यह कहते हुए वापस ले ली कि उनका जोर अभी संगठन को मजबूत करने पर है।
आसान नहीं होगी टम्टा की राह, देखिए प्रोफाइल
सरकार में कांग्रेस की सहयोगी पीडीएफ ने अपना प्रत्याशी उतारने का एलान करके कांग्रेस के सामने पहले ही परेशानी बढ़ा रखी है। ऐसे में टम्टा की राज्यसभा की राह मुश्किल हो सकती है।
पीडीएफ कोटे से मंत्री और घनसाली विधायक दिनेश धनै ने भी राज्यसभा के लिए नामांकन करने की बात कही है। अगर दिनेश धनै नामांकन करते हैं तो कांग्रेस के लिए मुश्किल हो सकती है। भाजपा ने भी अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपा पीडीएफ को भी समर्थन दे सकती है।
प्रदीप टम्टा का पूरा प्रोफाइल
नाम : प्रदीप टम्टा
जन्म : 16 जून 1958
जन्मस्थान : बागेश्वर जिले का लोब गांव
शिक्षा : एमए, एलएलबी, बीएड
छात्र जीवन से ही सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय।
कुमाऊं विवि अल्मोड़ा परिसर में छात्र संघ अध्यक्ष रहे।
नशा नहीं रोजगार दो और चिपको आंदोलन में भी सक्रिय हिस्सेदारी।
कांग्रेस के टिकट पर 2002 में सोमेश्वर सुरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा के अजय टम्टा को हराया।
2007 के विधानसभा चुनाव में वह अजय टम्टा से हारे।
2009 में अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव में भाजपा के अजय टम्टा को हराया।
2014 का लोकसभा चुनाव इसी सीट पर अजय टम्टा से हारे।