- छात्रसंघ पदाधिकारियों ने पुलिस चौकी में सौंपा ज्ञापन
विकासनगर। डाकपत्थर स्थित वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने डाकपत्थर व आसपास के क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के कारोबार पर चिंता जताई है। पदाधिकारियों ने पुलिस से इस पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा है।
छात्रसंघ के अध्यक्ष तुषार कपूर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डाकपत्थर पुलिस चौकी में पुलिस अधिकारियों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि डाकपत्थर व महाविद्यालय के आसपास नशे से संबंधित गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे महाविद्यालय के छात्र और विशेषकर छात्राओं को कठिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं महाविद्यालय में आवाजाही के दौरान अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष नकुल चौहान, विवि प्रतिनिधि आदित्य गुरुंग, सह सचिव खुशी तोमर, ऋषिका चौहान, खुशी रतूड़ी, अरुण चौहान, शुभम तोमर, प्रवीण, विकेश, सूरज, सुमित, संजू आदि उपस्थित रहे। संवाद