{"_id":"60f9c8168ebc3e582b009329","slug":"police-hooliganism-if-liquor-was-not-given-then-the-bottle-was-broken-on-the-shopkeeper-s-head-city-news-drn385259869","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिसवाले की गुंडई: शराब नहीं दी तो दुकानदार के सिर पर फोड़ दी बोतल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिसवाले की गुंडई: शराब नहीं दी तो दुकानदार के सिर पर फोड़ दी बोतल
Fri, 23 Jul 2021 01:42 PM IST
देहरादून ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: देहरादून ब्यूरो
Updated Fri, 23 Jul 2021 01:42 PM IST
सार
मामले में शरद वर्मा के भाई अमित वर्मा की ओर से तहरीर दी गई है। इसके आधार पर धारदार हथियार से वार करने, मारपीट, गाली-गलौज आदि का मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : पिक्साबे
विस्तार
आईएसबीटी परिसर स्थित दुकान में एक सिपाही ने सरेआम गुंडई की। सिपाही ने दुकानदार से पहले शराब की बोतल मांगी। उसने मना किया तो दुकानदार के सिर पर खाली बोतल दे मारी। लहूलुहान दुकानदार को चौकी लाया गया, लेकिन वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही एसएसपी ने सिपाही को निलंबित भी कर दिया है।
विज्ञापन
घटना बुधवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार आईएसबीटी परिसर में शरद वर्मा की कन्फेक्शनरी है। यहां पर अमित तोमर नाम का सिपाही अक्सर आता जाता रहता है। आरोप है कि बुधवार रात को उसने शराब पी हुई थी। उसके साथ में शरद वर्मा व अन्य लोग भी खड़े हुए थे। आरोप है कि सिपाही अक्सर उस दुकान वाले से शराब की बोतल भी लेता है। रात में शराब पीने के बाद वह एक बोतल मांगने लगा, लेकिन शरद ने मना कर दिया। इस पर गुस्साए सिपाही अमित ने शरद के सिर पर खाली बोतल दे मारी। इससे शरद वर्मा वहीं पर गिर गया। घायल को वहां खड़े लोग आईएसबीटी चौकी लेकर पहुंचे। आरोप है कि यहां पर तैनात एक दरोगा ने भी उनसे गलत व्यवहार किया।
विज्ञापन
मामले में शरद वर्मा के भाई अमित वर्मा की ओर से तहरीर दी गई है। इसके आधार पर धारदार हथियार से वार करने, मारपीट, गाली-गलौज आदि का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने तत्काल प्रभाव से सिपाही अमित को निलंबित भी कर दिया है। एसएसपी के अनुसार पीड़ित के मेडिकल का परीक्षण कराया जा रहा है। सिर में टांके लगे हैं। यदि, चोट जानलेवा प्रकृति की हुई तो आईपीसी धारा 307 भी मुकदमे में बढ़ाई जाएगी।
विज्ञापन
डीजीपी के हस्तक्षेप से दर्ज हुआ मुकद्दमा
बताया जा रहा है कि चौकी में पीड़ित व उसके भाई से सही सलूक नहीं किया गया। इस पर लोगों ने वहां हंगामा भी किया, लेकिन इन्हीं में से किसी ने जब बाद में डीजीपी अशोक कुमार को फोन किया। तब कहीं जाकर पुलिस के कान खड़े हुए और मामले में कार्रवाई की गई।