बाबा रामदेव के भाई रामभरत पर मुकदमा दर्ज , जानिए क्या है पूरा मामला
उत्तरांचल आयुर्वेदिक कालेज की तरफ जाने वाली सड़क को खोदने के प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कालेज के सचिव की ओर से योग गुरु बाबा रामदेव के भाई रामभरत, कारखाना प्रबंधक राजकुमार पांडेय समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
घटना फरवरी माह की है। पतंजलि हर्बल फूड पार्क प्रबंधन और आयुर्वेदिक कालेज प्रबंधन के बीच भूमि को लेकर विवाद हो गया था। पार्क प्रबंधन ने भूमि पर स्वामित्व का दावा किया था।
दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए
इधर, कालेज प्रबंधन के सचिव मुबारिक अली ने आरोप लगाया कि पार्क प्रबंधन ने कालेज की ओर जाने वाली सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों पक्ष ने ही एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे।
बृहस्पतिवार को पथरी थाने में कालेज के सचिव मुबारिक अली ने योग गुरु बाबा रामदेव के भाई रामभरत और कारखाना प्रबंधक पर आरोप लगाया कि अपने समर्थकों के साथ मिलकर सार्वजनिक सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया और विरोध करने पर कालेज के चौकीदार पर कातिलाना हमला भी किया गया।
एसओ अजय जाटव ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी गई है।