रुड़की: रेलवे ओवरब्रिज पर लोडेड ट्रक पलटा, 14 घंटे जाम रहा हाईवे, लोग रहे परेशान
- 10 बजे रात को पलटा ट्रक, 12 बजे दोपहर में हाईवे से हटवाया जा सका
- हाईवे पर जाम लगने पर कोर कॉलेज और मंगलौर से रूट किया डायवर्ट
- जाम खुलवाने के लिए सड़क पर उतरी पुलिस की फौज, लोग रहे परेशान
विस्तार
रुड़की में मोहनपुरा में रेलवे फ्लाईओवर पर लोडेड ट्रक पलटने सेे हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। रात दस बजे से दोपहर करीब 12 बजे तक यातायात बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन उसके सारे इंतजाम फेल हो गए। ऐसे में हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को कोर कॉलेज और मंगलौर की ओर से आने वाले वाहनों को लंढौरा से हरिद्वार की तरफ निकाला गया। पूरी रात पुलिस की फौज सड़कों पर रही, इसके बावजूद 14 घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे। बड़े वाहनों को डायवर्ट कर पुलिस किसी तरह छोटे वाहनों को निकालती रही।
शनिवार रात करीब दस बजे मार्बल और टायल्स से भरा एक ट्रक मंगलौर की ओर से रुड़की आ रहा था। जैसे ही ट्रक मोहनपुरा में रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक एक्सल टूटने से ट्रक पलट गया। बीचोंबीच ट्रक पलटने से हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना मिलते ही यातायात और सिविल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक का माल सड़क से हटाने के लिए काफी जद्दोजहद की, लेकिन हालात नहीं सुधरे। ऐसे में पुलिस को रात में ही रूट डायवर्ट करना पड़ा। पुलिस ने भारी वाहनों को नारसन बॉर्डर पर ही रोक दिया।
उधर से आने वाले चार पहिया वाहनों को मंगलौर से लंढौरा और लक्सर से हरिद्वार भेजा गया जबकि हरिद्वार से आने वाले वाहनों को कोर कॉलेज से कलियर होते हुए गंगनहर की पटरी होकर रुड़की और मंगलौर भेजा गया। इसके बावजूद जाम नहीं खुला तो रात में ही अधिकारियों ने पुलिस की फौज हाईवे पर उतार दी। पुलिस टीम रातभर जाम खुलवाने के लिए जूझती रही, लेकिन हालात नहीं सुधरे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने क्रेन के जरिये ट्रक हटाया। इसके बाद जाकर हाईवे पर स्थिति सामान्य हो पाई।
आखिर रात में क्यों नहीं मंगाई क्रेन?
यातायात पुलिस रातभर हाईवे पर पलटे ट्रक को नहीं हटवा पाई। इसका खामियाजा आम लोगों को जाम में फंसकर भुगतना पड़ा। ऐसे में सवाल उठता है कि यातायात पुलिस ने रात में क्रेन बुलाकर ट्रक को हाईवे से हटाने की जहमत नहीं उठाई। इतना ही नहीं किसी भी अधिकारी ने भी समस्या का संज्ञान नहीं लिया। जाम से हालात बिगड़े तो रविवार सुबह करीब दस बजे मौके पर क्रेन और अन्य गाड़ियां बुलाई गईं। इसके बाद करीब 12 बजे तक हाईवे पर यातायात सुचारु हो पाया।
दिन में हाईवे पर फौज, रात में नदारद
रुड़की में हाईवे पर दिनभर यातायात और सीपीयू की फौज तैनात रहती है, लेकिन रात में यह फौज मुख्य चौराहों से नदारद हो जाती है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे रहती है। रात में चौराहों से पुलिस के नदारद रहने के चलते अक्सर जाम लगता है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।
आधा घंटे का सफर को लगे दो घंटे
रेलवे फ्लाईओवर पर ट्रक खराब होने से पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया। ऐसे में मंगलौर की तरफ से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को आधे घंटे का सफर मंगलौर से लंढौरा, लक्सर से हरिद्वार तक डेढ़ से दो घंटे में पूरा करना पड़ा। यही हाल हरिद्वार से आने वाले वाहनों का रहा। गंगनहर की पटरी पर रूट डायवर्ट किया तो यहां चल रहे चौड़ीकरण के चलते मिट्टी और गड्ढों में फंसकर जाम लग गया। गंगनहर की पटरी पर वाहन रेंगतेे रहे और आधे घंटे के सफर को पूरा होने में दो घंटे लगे।
ट्रक पलटने से रात में जाम के हालात बने थे। रात में ही पुलिस को हाईवे पर उतारकर जाम खुलवाने के निर्देश दिए थे। रूट डायवर्ट भी किया गया। क्रेन रात में ही मौके पर क्यों नहीं बुलाई गई। इसकी जानकारी ली जाएगी। साथ ही आगे ऐसा न हो यह निर्देश दिए जाएंगे।
-एसके सिंह, एसपी देहात