निकाय चुनाव 2018: भाजपा में मेयर प्रत्याशी घोषित हुए 48 घंटे भी नहीं बीते और उठने लगे बगावती सुर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा में सिर मुड़ाते ही ओले पड़ गए हैं। मेयर प्रत्याशी घोषित हुए 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि बगावती सुर बुलंद हो गए हैं। ऋषिकेश मेयर पद के संभावित दावेदारों का समूह समर्थकों सहित रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा।
पहले से ही सूचना थी कि प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट हल्द्वानी जाने के लिए यहां से गुजर रहे हैं। सुबह करीब आठ बजे नाराज पार्टी नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का घेराव कर नाराजगी व्यक्त करनी शुरू कर दी। साथ ही पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी अनीता ममगाई के खिलाफ संगठन विरोधी गतिविधियों का पुलिंदा खोलना शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि शाम 5 से 6 बजे के बीच दोबारा बैठक होगी। इस दौरान प्रत्याशी चयन को लेकर नए सिरे से मंथन होगा। शनिवार को देर रात भाजपा की ओर से मेयर प्रत्याशी की घोषणा होते ही कई कुनबों की नीद हराम हो गई। जिस समय अधिकृत प्रत्याशी अनीता ममगाई के मौहल्ले में दीपावली जैसा माहौल हो रहा था उसी दौरान नगर के कई कोनों में सियासी बिसात बिछाई जा रही थी। सुबह होते-होते भाजपा में दो खेमे बन गए और दोनों की ओर असंतोष और चिंता का पहरा हो गया। अनीता ममगाई जहां चुप्पी साधे नए नतीजों पर नजर लगाए रहीं, वहीं दूसरा खेमा सीधे एयर पोर्ट पहुंच गया।
यहां प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से असंतुष्ट नेताओं की जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। असंतुष्टों ने वे गोपनीय दस्तावेज भी प्रदेश अध्यक्ष को सौंपे जो पिछले पंचायत और विधान सभा चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों से संबंधित शिकायतों से जुड़े थे। दावेदारों ने तर्क दिया कि जिस महिला पदाधिकारी ने पार्टी को क्षति पहुंचाने की कोशिश की उसे टिकट का इनाम दिया जा रहा है। जिन्होंने पूरी जिंदगी निष्ठापूर्वक पार्टी की सेवा की उनकी उपेक्षा तानाशाही है।
नहीं हुई नोकझोंक, न ही फटा कुर्ता
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल के बीच ऋषिकेश मेयर प्रत्याशी को लेकर नोकझोंक और कुर्ता फाड़ने की चर्चा दिन भर सोशल मीडिया पर वायरल रही। एयरपोर्ट का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें अध्यक्ष भट्ट के साथ कुछ महिलाएं बहस रही थीं। शाम तक चर्चाओं का बाजार गर्मा गया, जिसके बाद स्पीकर ने बयान जारी कर इसे अफवाह करार दिया। शनिवार को सोशल मीडिया पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बीच नगर निगम ऋषिकेश में मेयर के टिकट को लेकर नोकझोंक की सूचना वायरल हो गई। भाजपा अध्यक्ष का कुर्ता फाड़ने तक की चर्चा रही। शाम को स्पीकर की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सोशल मीडिया में अफवाह फैलाई जा रही है। उनके अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट से भाजपा अध्यक्ष एक ही फ्लाइट में साथ गए। सोशल मीडिया पर चल रही खबरों में कोई सत्यता नहीं है, बल्कि अफवाह फैलाई जा रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
सभी मानकों पर खरा उतरने वाले को प्रत्याशी बनाया जाए
इस संदर्भ में विरोध दर्ज करवाने पहुंची संभावित दावेदार कविता शाह ने बताया कि हमने सभी दस्तावेज प्रदेश अध्यक्ष को सौंप दिए हैं। उन्होंने पुनर्विचार का भरोसा दिलाया है। कहा गया है कि रविवार शाम को होने वाली बैठक में असंतुष्टों को भी बुलाया जाएगा।
उनका कहना है, हम चाहते हैं कि सभी मानकों पर खरा उतरने वाले को प्रत्याशी बनाया जाए। जिससे पार्टी का भी हित हो सके। असंतुष्टों में मुख्य रूप से कुसुम कंडवाल, स्नेहलता शर्मा, सरोज डिमरी, स्वदेश कंडवाल आदि लोग मौजूद रहे। एयर पोर्ट पर जब ये गरमागरम बहस उफान पर थी। उस दौरान विस अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, दिनेश सती, प्रमोद शर्मा सहित तमाम दिग्गज नेता मौजूद थे। दिलचस्प ये रहा कि सभी ने दोनों पक्षों के बीच हुई बहस के दौरान चुप्पी साधे रखी।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए मुसीबत बना अतिरिक्त दबाव
सियासी गलियारों में चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के दबाव में अनीता ममगाई का नाम सूची में शामिल किया गया। मुख्यमंत्री भी इस नाम पर सहमत नहीं थे। लिहाजा प्रदेश अध्यक्ष ने खुद अंतिम समय में अनीता का नाम जुड़वाया और आपाधापी में प्रत्याशी के क्षेत्र का जिक्र करवाना भी भूल गए।
प्रत्याशी घोषित होते ही भाजपा कांग्रेस में बगावत
हरिद्वार में शिवालिकनगर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की घोषणा होते ही भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में बवाल मच गया है। पार्टी हाईकमान के निर्णय से नाराज नेताओं ने पार्टी छोड़कर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। भाजपा के युवा नेता संजीव चौधरी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। जबकि महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बसपा में शामिल होने और अब बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की बात कह रही है।
शिवालिनगर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता राजीव शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। राजीव शर्मा का नाम घोषित होते ही रानीपुर क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान खेमे से जुड़े भाजपाइयों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया। शनिवार रात से ही सोशल मीडिया पर राजीव शर्मा को टिकट दिए जाने का विरोध किया जा रहा है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा, महामंत्री अशोक मेहता और मीडिया प्रभारी अतुल वशिष्ठ आदि के नेतृत्व में पार्टी के अनेक कार्यकर्ताओं ने रविवार को देहरादून पहुंचकर प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार से मुलाकात की।
सभी ने राजीव शर्मा को टिकट दिए जाने का विरोध करते हुए इसे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का अपमान बताया। चेतावनी दी कि यदि प्रत्याशी नहीं बदला गया तो सभी कार्यकर्ता मिलकर बिना सिंबल के ही अपना प्रत्याशी उतारेंगे। मंडल अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि राजीव शर्मा पिछले दोनों चुनाव में विधायक आदेश चौहान के खिलाफ काम करते रहे हैं। संगठन से भी उनका कोई सरोकार नहीं है। जबकि इन आरोपों को निराधार बताते हुए प्रत्याशी राजीव शर्मा का कहना है कि वह पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता हैं। उनके समर्पण भाव को देखते हुए ही भाजपा ने उन्हें टिकट दिया है। वहीं दूसरी ओर भाजपा से अध्यक्ष का टिकट मांग रहे युवा नेता संजीव चौधरी ने भाजपा से बगावत करके निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
विमला पांडे ने भी छोड़ा महानगर अध्यक्ष का पद
हरिद्वार में नगर निगम की मेयर और शिवालिकनगर नगर पालिका में अध्यक्ष पद की दावेदार महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष विमला पांडे खुद को टिकट नहीं दिए जाने खासी नाराज हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं पर समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने और घर में बैठकर टिकट बांटने का आरोप लगाते हुए महानगर अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। विमला पांडे ने अमर उजाला से वार्ता करते हुए कहा कि प्रत्याशी का चयन करने में समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। यह पार्टी के लिए अच्छा नहीं है। कुछ लोग मन माने तरीके से पार्टी चला रहे हैं जो गलत है। उन्होंने बताया कि महानगर अध्यक्ष पद से उन्होंने अपना इस्तीफा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है।
भाजपा ने शुरू की चुनावी मुहिम
अन्नु कक्कड़ को हरिद्वार नगर निगम के मेयर पद की प्रत्याशी घोषित करने के बाद भाजपा ने चुनावी मुहिम भी शुरू कर दी है। अन्नु कक्कड़ ने रविवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र के तीन सेट खरीदे। वहीं भाजपा की ओर से अन्नु कक्कड़ के चुनाव के लिए निवर्तमान मेयर मनोज गर्ग को संयोजक और भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी को सह संयोजक घोषित किया है।
प्रदेश महासचिव ने प्रत्याशी चयन में लगाया उपेक्षा का आरोप
जयपाल ने कहा है कि पिछले कुछ माह से संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं को नजरंदाज किया जा रहा है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं को किनारे लगाने की संस्कृति समझ से परे है। निकाय चुनाव सिर पर है और कर्मठ कार्यकर्ताओं की पूछ तक नहीं हो रही है। नगर निकाय चुनाव में मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद, वार्ड मेंबर के प्रत्याशी चयन में चंद लोग निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों को उपेक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि यह कार्यकलाप किसके इशारे पर हो रहा है, ये पता नहीं। उन्होंने आगाह किया है कि निकाय चुनावों में यदि पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तो इसका असर लोस चुनावों में पड़ेगा।
डैमेज कंट्रोल में जुटी पाटी
प्रत्याशी चयन के बाद आंतरिक विरोध झेल रही भाजपा ने डैमेज कंट्रोल प्लान शुरू कर दिया है। निगमों में पार्टी ने एक कैबिनेट मंत्री और एक वरिष्ठ पदाधिकारी की ड्यूटी लगाई है। वार्ड सभासदों के प्रत्याशियों पर विरोध की स्थिति पैदा होने पर स्थानीय विधायक जिम्मेदार होंगे। इतना ही नहीं डैमेज कंट्रोल टीम को कांग्रेस में सेंध मारने की जिम्मेदारी भी दी है। इसी का नतीजा है कि देहरादून नगर निगम में कांग्रेस के कुछ पार्षद और पूर्व पार्षद भाजपा में शामिल हुए।
कोटद्वार में हरक की बढ़ी समस्या
भाजपा ने कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को कोटद्वार नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों की माने तो कोटद्वार से लैंसडोन विधायक दिलीप रावत की पत्नी को टिकट दिया, जबकि हरक की पसंद एक अन्य महिला प्रत्याशी थी। इतना ही नहीं हरक के लिए दूसरी बड़ी चुनौती कोटद्वार में डैमेज कंट्रोल की रहेगी। कोटद्वार नगर निगम से एक पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी भी निर्दलीय मेयर नामांकन दाखिल कर सकती हैं।
प्रदेश कार्यालय में असंतुष्टों का जमावड़ा
कई पालिकाओं में असंतोष के सुर तेज हो गए हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में असंतुष्ट पहुंच रहे है। रविवार को हरिद्वार के शिवालिक नगर पालिका परिषद में घोषित प्रत्याशी का विरोध शुरू हो गया है। विरोधी खेमा पार्टी अध्यक्ष से मिलने प्रदेश कार्यालय पहुंचा था, जहां उनकी मुलाकात अन्य नेताओं से हुई है।