उत्तराखंड: 48 घंटे सात जिलों के लिए अभी भी खतरनाक, प्रदेश में भारी नुकसान की आशंका
उत्तराखंड के लिए अगले दो दिन खतरनाक हो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। वहीं कई जगह पर भारी नुकसान की भी आशंका है।
प्रदेश के सात जिलों में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक भारी बारिश की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और भारी नुकसान हो सकता है। भारी बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश की राजधानी देहरादून के अलावा हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में अगले 48 घंटे भारी बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
पांच से छह दिन प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होगी
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले पांच से छह दिन प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होगी। उन्होंने बताया कि बहुत भारी बारिश की वजह से प्रदेश में भूस्खलन और सड़कें बंद हो सकती हैं।
इसके बाद दो अगस्त से अगले 72 घंटे कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। बहुत भारी बारिश की चेतावनी के चलते संबंधित जिलों के प्रशासन और शासन को भी मौसम विभाग ने आगाह किया है। स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। चेतावनी मंगलवार की सुबह से शुरू होगी।