गलत इंजेक्शन लगाने से नवजात की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंद्रेश्वरनगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान एक शिशु की मौत हो गई। डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। आरोप है कि चिकित्सक ने नशे की हालत में गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे शिशु की मौत हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। शव का पोस्टमार्टम और चिकित्सक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते सोमवार सुबह सुजीत कुमार निवासी चंद्रभागा ने अपने सात माह के शिशु की तबियत बिगड़ने पर चंद्रेश्वरनगर स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया था। देर रात शिशु ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
चिकित्सक का कराया मेडिकल
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया। उपनिरीक्षक आरएस राणा ने बताया कि अनहोनी की आशंका के चलते शिशु के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक मृत शिशु के पिता सुजीत कुमार ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि उपचार के समय रात को चिकित्सक ने शराब पी रखी थी। नशे की हालत में इलाज करने से शिशु की मौत हुई है।
लिहाजा संबंधित चिकित्सक का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। ब्लड सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। ब्लड रिपोर्ट में नशे की पुष्टि होने पर चिकित्सक पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।