पर्यावरण बचाने को शुरू हुई अनोखी पहल, दस खाली रैपर लाओ, एक मैगी मुफ्त ले जाओ
दस खाली रैपर लाओ, एक मैगी मुफ्त ले जाओ। पॉलिथीन से पर्यावरण को बचाने के लिए यह खास पहल कर रहे हैं अमर उजाला और नेस्ले मैगी। इसके तहत प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को खत्म करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जागरूकता अभियान के तहत कोई भी व्यक्ति 10 खाली रैपर नेस्ले मैगी के रिटेलर के पास जमा कराकर एक मैगी मुफ्त ले सकेगा। यह अभियान राजधानी के तमाम स्कूल और कॉलेजों में भी चलाया जाएगा।
बुधवार को जीएमएस रोड स्थित होटल में आयोजित ब्रेन स्टॉर्म़िग सत्र में नेस्ले मैगी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (कारपोरेट अफेयर्स) संजय खजुरिया ने कहा कि उनकी कंपनी का खास तवज्जो पर्यावरण संरक्षण पर है। इसके लिए ही कंपनी यह पॉलिथीन से पर्यावरण संरक्षण का अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने बताया कि कोई भी गृहिणी या कोई भी व्यक्ति अपने घर में इस्तेमाल हुए मैगी के खाली रैपर कंपनी को लौटा सकता है।
पर्यावरण बचाने को बदलेगी कंपनी की पैकिंग
कंपनी इसे रिसाइकिल करेगी। उनका मकसद है कि लोगों के भीतर इस बात की जागरूकता आए कि वे प्लास्टिक से बने रैपर को जमीन पर न फेंके। इसके बजाय उसके निस्तारण का पक्ष सोचें। अमर उजाला के साथ मिलकर प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत तमाम स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता, शपथ के अलावा मैगी के इस्तेमाल से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। नेस्ले के उत्तराखंड हेड (कारपोरेट अफेयर्स) रोहित ने लोगों से अपील की है कि वे मैगी के रैपर को जमीर पर न फेंकें।
उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से पर्यावरण बचाने की इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है। कंपनी सीनियर मैनेजर (कारपोरेट कम्यूनिकेशन) अंबरीन शाह ने कहा कि नेस्ले मैगी जो भी प्लास्टिक बाजार तक भेज रही है, उसकी जिम्मेदारी उठाने के साथ ही लोगों को भी जागरूक कर रही है कि वे पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भलिभांति समझें।
पर्यावरण बचाने को बदलेगी कंपनी की पैकिंग
नेस्ले मैगी की ओर से पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम यहीं नहीं थमेगी। अब कंपनी ऐसे रैपर पर काम कर रही है, जो कि एनवायरमेंट फ्रेंडली हो। इसके लिए मोनो लेयर पैकेजिंग पर काम चल रहा है। कंपनी के विशेषज्ञ ऐसे रैपर तैयार करने में जुटे हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान न हो। लोग अपनी जिम्मेदारी समझेंगे तो निश्चित तौर पर इसका बेहतर नतीजा सामने आएगा।