मुरादाबाद में टूटी पटरी से गुजरी ‘नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस’
नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस मुरादाबाद में टूटी पटरी पर दौड़ गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। इससे ट्रेन 45 मिनट तक मुरादाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं मुरादाबाद से जाने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।
काठगोदाम रेलवे स्टेशन से नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस 12090/89 सुबह 5:15 बजे देहरादून के लिए रवाना हुई। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो लोको पायलट ने देखा कि पटरी टूटी हुई है।
लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया। पटरी को जोड़ने वाला हुक भी निकला हुआ था। लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। पटरी टूटने की सूचना से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। ट्रेन को धीमे-धीमे पटरी से गुजारा गया। इस दौरान ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही।
पहले दिन पैक होकर रवाना हुई नैनी
इससे ट्रेन देहरादून भी करीब 45 मिनट देरी से पहुंची। ट्रेन के पहुंचने का समय 12:30 बजे का है, लेकिन देरी एक बजकर 20 मिनट पर पहुंची।
मुख्य यातायात निरीक्षक मोहन राम आर्य ने बताया कि मुरादाबाद में पटरी टूटने की सूचना थी, ट्रेन देहरादून पहुंच गई है, इसकी वजह से ट्रेन करीब 45 मिनट देर से पहुंची।
नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस पहले दिन फुल थी। पूर्वोत्तर मंडल रेल प्रबंधन के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि एसी चेयर कार में 146 में 146 सीटें बुक हुईं। इससे 89,100 रुपये की आय हुई। साधारण चेयर कार में 540 में 540 सीटों का आरक्षण हुआ। इससे 81,030 रुपये राजस्व मिला। इस तरह कुल 1,70,130 रुपये मिले। उधर, उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत रेलवे से जुड़े 100 कर्मियों का बीमा किया गया।