विधायक जोशी ने रक्षा मंत्री को सौंपा मांगों का पुलिंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर से मसूरी विधायक गणेश जोशी सहित तमाम कैंट बोर्डों के पदाधिकारियों ने अलग-अलग समस्याएं उठाई। जोशी ने डीएसओआई के सभागार में श्रीदेवसुमन नगर एवं मसूरी मंडल के अध्यक्षों, देहरादून कैंट एवं लंढ़ौर कैंट से भाजपा के निर्वाचित सभासदों एवं गढ़ी कैंट के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रक्षा मंत्री के सामने दस सूत्री मांगें रखीं।
रक्षा मंत्री ने गंभीरतापूर्वक सभी बातें सुनी।
गणेश जोशी ने उन्हें मिट्ठी बेहड़ी की भूमि के एवज में सेना को पांच एकड़ भूमि कोल्हूपानी में दिये जाने के बाद भी अनावश्यक रूप से निर्माण एवं विकास कार्यों में रोक लगाने के बारे में जानकारी दी।
विधायक ने राज्य स्तरीय वार मेमोरियल के शीघ्र निर्माण, देहरादून छावनी परिषद में पेयजल कार्य एवं सीवर लाइन निर्माण, छावनी परिषद अधिनियम 2006 में संशोधन, सीएफ एसआर लागू करने एवं छावनी परिषदों कर्मचारी को कैंटीन सुविधा देने, सेना द्वारा रक्षा मंत्रालय की जमीनों के निकटवर्ती गांवों में पंचायतों की भूमि पर निर्माण एवं विकास कार्यों में अनावश्यक रुप से रुकावट किये जाने और जामुनवाला एवं बीरपुर पुल के निर्माण की मांग की।
कैंट बोर्डों के पदाधिकारियों ने भी उठाई कई मांगे
विधायक जोशी ने कहा कि लंबे समय से छावनी परिषद अधिनियम में संशोधन की मांग होती आई है। मौजूदा समय में छावनी परिषद अधिनियम 2006 में निर्वाचित सभासदों के पास कोई अधिकार नहीं है, जिसके कारण निर्वाचित सभासदों को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कैंटोनमेंट फंड सर्वेंट रूल सभी छावनी परिषदों में लागू किया जाये तो छावनी परिषदों के अधिकारिओं एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जा सकता है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद तरुण विजय, मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उपाध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह, कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य संध्या थापा, छावनी परिषद देहरादून के सभासद कमल राज, मेघा भट्ट, मधु खत्री, विनोद पंवार, हितेश गुप्ता, छावनी लंढ़ौर कैंट सभासद चंद्रकला सहित सुरेंद्र राणा, ऊषा शाही, प्रभा शाह, ग्राम प्रधान मीनू क्षेत्री, ग्राम प्रधान ज्योति कोटिया, वंदना बिष्ट, विष्णु शाही, राजीव गुरुंग आदि मौजूद रहे।
कमल राज ने केरी गांव, स्मिथ नगर की जमीन का मामला मंत्री के सामने उठाया। उन्होंने कहा कि यहां कैंट बोर्ड की ओर से नक्शे पास नहीं किए जा रहे हैं। गढ़ी कैंट उपाध्यक्ष राजेंद्र कौर सोंधी ने मांग की कि कैंट में सीवर लाइन का काम शुरू कराया जाए। सभासद जितेंद्र तनेजा ने कैंट को दस एकड़ भूमि दिए जाने की मांग की, जिस पर मार्केट तैयार करके कैंट की आमदनी बढ़ाई जा सके। सभासद विनोद पंवार ने कैंट एरिया में सीबीएसई स्कूल खुलवाने की मांग रक्षा मंत्री के सामने उठाई। रक्षा मंत्री ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।