सांसद अजय टम्टा की साली ने पड़ोसियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
- जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप, दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया केस
विस्तार
उत्तराखंड के सांसद अजय टम्टा की शिक्षिका साली ने पड़ोसियों पर उत्पीड़न और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और गाली गलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
न्यू बजेटी निवासी शिक्षिका पूनम पत्नी रवींद्र प्रसाद ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में कहा कि वह अपने खेतों में भवन निर्माण करा रही हैं। आरोप है कि निर्माण स्थल के समीप रहने वाले कुछ लोग उनके और उनके परिवारजनों के साथ गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
उनका कहना है कि दबंग और राजनीतिक पहुंच रखने वाले लोग पिछले छह माह से उन्हें खेतों में काम नहीं करने दे रहे हैं। भवन निर्माण में लगे मजदूरों को भी भगाया जा रहा है।
उन्होंने लोगों पर चहारदीवारी के अंदर आकर निर्माण सामग्री उठा ले जाने का भी आरोप लगाया। शिक्षिका पूनम के अनुसार उनके साथ जातिसूचक और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने पांच लोगों सहित उनके एक नेपाली नौकर से जान का खतरा बताया था।
पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बंशीलाल, प्यारेलाल, हितेश, पवन, उमा और नौकर राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिथौरागढ़ थाना कोतवाली के एसएसआई कृष्ण चंद्र आर्य ने बताया कि बजेटी निवासी महिला की तहरीर पर एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। उधर, दूसरे पक्ष ने भी पूनम, रवींद्र प्रसाद, हिमांशु और बसंती देवी के खिलाफ मारपीट और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराया है।