पैदा होती ही मां ने नवजात को कूड़े में फेंका, बंदरों ने नोंच-नोंचकर किया बुरा हाल और फिर...
पैदा होते ही मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को कूड़े में फेंक दिया। इसके बाद वहां बंदरों ने आकर नवजात को नोंच-नोंच कर खा लिया। मंगलवार को यहां एसएसपी कार्यालय और कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के समीप रखे कूड़ेदान में नवजात के शव को बंदर नोच रहे थे।
जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। माना जा रहा है कि किसी बिन ब्याही मां ने लोकलाज के भय से सोमवार रात नवजात को तौलिये में लपेटकर कूड़ेदान में फेंक दिया होगा। मानवता को शर्मसार करने वाली यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब सरोवर नगरी में नंदा देवी महोत्सव की धूम है।
मंगलवार शाम सवा चार बजे के करीब डीएसबी परिसर के छात्र नेता दिनकर सिंह एसएसपी दफ्तर और कलेक्ट्रेट के मध्य स्थित गली से गुजर रहे थे। रास्ते में रखे कूड़ेदान में उन्होंने बंदरों को कुछ नोचते हुए देखा।
प्रथम दृष्ट्या छात्र नेता को कूड़ेदान में गुड्डा सा नजर आया। गौर से देखने पर पता चला वह नवजात का शव था, जिसे बंदर नोच रहे थे। छात्र नेता ने उक्त मामले की स्थानीय लोगों को दी। सूचना पर तल्लीताल के थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक व अन्य पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस का मानना है कि किसी ने लोकलाज के भय से सोमवार की रात को नवजात को लाल रंग के कपड़े में लपेटकर कूड़ेदान में फेंक दिया होगा। मंगलवार को नंदाष्टमी की छुट्टी के चलते कलेक्ट्रेट और एसएसपी दफ्तर में सन्नाटा पसरा हुआ था जिसके चलते इस मामले की जानकारी दोपहर बाद हुई। थानाध्यक्ष पाठक ने बताया कि नवजात को कूड़ेदान में फेंकने के मामले की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ी तो बुधवार को नवजात का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा।