PM मोदी के नमो ऐप से बनेगी सांसद-विधायकों की कुंडली, आम जनता देगी फीडबैक
वर्ष-2019 में होने वाले लोकसभा के लिए भाजपा ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के अलावा खुद सोशल मीडिया पर भी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में सांसदों और विधायकों के कामकाज का लेखा-जोखा तैयार किया जा रहा है।
इसके लिए नमो ऐप पर जनता से उनके क्षेत्र के प्रतिनिधि के बारे में पूछा जा रहा है। इसमें जनप्रतिनिधि के कामकाज के अलावा उसकी आम छवि के बारे में भी प्रतिक्रिया जुटाई जा रही है। यानी कहा जाए तो अब जनता खुद अपने क्षेत्र के सांसदों और विधायकों का भविष्य तय करेगी।
आने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी में खुद पीएम मोदी जुड़ गए हैं। इसके लिए उन्होंने नमो एप का सहारा लिया है। इस ऐप के जरिये मोदी क्षेत्रवार लोगों से फीडबैक मांग रहे हैं। कोई भी अपने क्षेत्र के सांसद या विधायक का फीडबैक इस एप के जरिये पीएम तक पहुंचा सकता है। पीएम ने राज्य और लोकसभा-विधानसभा में सबसे लोकप्रिय बीजेपी नेता की जानकारी भी मांगी है।
माना जा रहा है कि वर्ष-2019 लोकसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में पीएम के इस सर्वे की बड़ी भूमिका होगी। इसके अलावा पीएम मोदी सरकारी योजनाओं और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी जनता से फीडबैक ले रहे हैं। गौरतलब है कि इसी अनूठे तरीके से मोदी ने 26 मई को सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर जनता से सरकार के कामकाज का भी फीडबैक लिया था।
ये सवाल पूछे जा रहे हैं नमो एप पर
ये सवाल पूछे जा रहे हैं नमो एप पर
- आप अपने सांसदों और विधायकों के कामकाज से कितने खुश हैं?
- आपके राज्य और विधानसभा-लोकसभा क्षेत्र में तीन सबसे लोकप्रिय बीजेपी नेता कौन हैं?
- सरकार की तीन पॉलिसी जो आपके क्षेत्र में सबसे ज्यादा चलीं?
- क्या आपको लगता है कि सरकार के कामकाज में तेजी आई है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह बेहतरीन पहल स्वागत योग्य है। इस प्लेटफार्म से जनता को खुद अपने नेता से जुड़ी राय को आला स्तर पर साझा करने का मौका मिलेगा। साथ ही अच्छे और लोकप्रिय लोगों को आगे बढ़ने के अवसर भी मिलेंगे।
- त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री (उत्तराखंड)