रुड़की: होली खेलते वक्त गायब हुआ किशोर, वीरान घर में खून से लथपथ हालत में मिला, मौत
- ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान हुई मौत, मुकदमा दर्ज
- परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर लगाया हत्या का आरोप
- युवक के चेहरे और गर्दन पर घाव के निशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की में नारसन कला गांव में एक 17 वर्षीय किशोर होली खेलते समय अचानक लापता हो गया। इसके बाद वह खून से लथपथ हालत में गांव के ही एक वीरान घर में पड़ा मिला। उसे इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया, जहां पर किशोर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नारसन कला निवासी राजेंद्र के चार पुत्र हैं। उनका दूसरा बेटा 17 वर्षीय कैलाश मंगलवार को घर से होली खेलने के लिए निकला था, लेकिन करीब 10 बजे वह अचानक गायब हो गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
इस दौरान दोपहर करीब एक बजे वह गांव के ही एक वीरान घर में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन वहां गए। कैलाश के पास ही खून में सने लाठी-डंडे पड़े हुए थे। जो इस बात का संकेत है कि उसको बड़ी बेरहमी के साथ पीटा गया है। उसके चेहरे व गर्दन पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
इस बीच सूचना मिलने पर सीओ मंगलौर डीएस रावत व कोतवाल प्रदीप चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से युवक को हायर सेंटर ऋषिकेश ले जाया गया। मंगलवार की रात इलाज के दौरान कैलाश ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक युवक के साथ कैलाश का पूर्व में विवाद हो चुका है।
इसके बाद मंगलवार को फिर से उसके साथ कैलाश की कहासुनी हुई। कैलाश के परिजनों ने आरोपी अजय पुत्र ओम सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात इलाज के दौरान कैलाश की मौत हो गई।
इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर गांव के ही अजय पुत्र ओम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद से गांव में तनाव के हालत बने हुए हैं। इसके चलते गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि गांव में शांति का माहौल स्थापित किया जा सके। वहीं पुलिस पीड़ित परिजन को इंसाफ दिलाने का विश्वास दिला रही है।