कश्मीर से लापता जवान राजेंद्र की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, एक महीने से कर रही पति का इंतजार
- एक महीने के बाद भी नहीं चला पाया कश्मीर में लापता हुए हवलदार राजेंद्र का पता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कश्मीर में लापता हुए उत्तराखंड के जवान हवलदार राजेंद्र सिंह की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई है। वह दो दिन से सैन्य अस्पताल में भर्ती हैं। वह एक महीने से भूखी-प्यासी पति का इंतजार कर रही हैं।
सेना की 11वीं गढ़वाल राइफल्स में तैनात हवलदार राजेंद्र सिंह आठ जनवरी को कश्मीर में आए बर्फीले तूफान के दौरान लापता हो गए थे। तभी से उनके परिजन पल-पल उनकी कुशलता की सूचना का इंतजार कर रहे हैं।
राजेंद्र सिंह के बारे में कोई सूचना नहीं मिलने से उनका धैर्य भी जवाब देने लगा है। एक महीने से गुमसुम राजेंद्र सिंह की पत्नी राजेश्वरी देवी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऐसे में बूढ़े सास, ससुर और बच्चों की देखभाल के लिए अब कोई नहीं है। आसपास के लोग ही परिवार का सहारा बने हुए हैं। सोमवार को उत्तराखंड रक्षा अभियान के संयोजक हरिकृष्ण किमोठी ने अन्य लोगों के साथ अस्पताल में जाकर राजेश्वरी देवी पत्नी का हालचाल पूछा और सरकार से परिवार की मदद की मांग की है।
राजेंद्र सिंह के वेतन पर लगी रोक
सेना ने राजेंद्र सिंह के वेतन पर रोक लगा दी है। सैन्य सूत्रों के अनुसार जवान के लापता होने के दिन से उसके जीवत या मृत होने का पता चलने तक वेतन पर रोक लगा दी जाती है। इससे राजेंद्र सिंह के परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि परिवार पर मकान का भी लोन है। सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर तीरथ सिंह ने बताया कि नियमानुसार किसी भी लापता जवान का शव मिलने या सेना की ओर से उसे मिसिंग घोषित करने के बाद ही परिवार को पेंशन आदि का लाभ मिलेगा। हालांकि, जवान की पलटन इस दौरान परिवार की मदद कर सकती है।