रुड़की: काम से लौट रहे चार मजदूरों पर बदमाश ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, एक की हालत गंभीर
- टोडा खटका गांव के पास की घटना, संदिग्ध युवक से रात में घूमने का पूछा था कारण
विस्तार
रुड़की में रात में घूमने का कारण पूछना इतना नागवार गुजरा कि ईंट भट्ठे से लौट रहे चार मजदूरों पर रास्ते में बदमाश ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। एक मजदूर गंभीर घायल हो गया है। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख बदमाश जंगल की ओर भाग गया। घायल मजदूर को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि तीन मजदूरों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के टोडा खटका गांव निवासी ओमपाल, अनुज और ओमकुमार लंढौरा के पास ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे तीनों मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य युवक भी था। जैसे ही चारों गांव के पास पहुंचे तो सड़क किनारे एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखा। चारों उसके पास पहुंचे और इतनी रात में जंगल में खड़े होने के बारे में पूछा।
ओमकुमार ने उसके चेहरे पर मोबाइल की लाइट जलाई तो युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बचाव करने पर युवक ने ओमकुमार के तीन साथियों पर भी चाकू से हमला बोल दिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख वह जंगल में फरार हो गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सिविल अस्पताल में भर्ती
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान चारों लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां ओमकुमार की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देहरादून के लिए रेफर कर दिया। जबकि तीन अन्य को उपचार देकर घर भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हमलावर युवक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा।
...तो जंगल में हो रही थी गोकशी
पुलिस को घटनास्थल के पास एक बछड़ा बंधा मिला है जबकि पास में ही दो जोड़ी चप्पल मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग रात में गोकशी करने पहुंचे होंगे। इससे पहले ही मजदूर आ गए तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया होगा। आशंका यह भी जताई जा रही है कि हमलावर के साथ और भी लोग होंगे। मजदूरों को आता देख वह पहले ही फरार हो गए होंगे। वहीं, पुलिस आसपास के गांवों में गोकशी में लिप्त लोगों को चिह्नित कर रही है।