उत्तरकाशी रेप प्रकरण: फॉरेंसिक जांच में डीएनए सैंपल रिपोर्ट से सामने आया असली गुनहगार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में डुंडा क्षेत्र में बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी को न्यायालय से फांसी की सजा की बुनियाद तैयार होने लगी है। फोरेंसिक साइंस लैब में हुई जांच में डीएनए मैच करने से मुकेश लाल उर्फ बंटी के बलात्कारी एवं हत्यारा होने की पुष्टि हुई है।
बच्ची के शव से किसी अन्य का सीमेन और डीएनए नहीं मिलने से इस हत्याकांड में मुकेश के अकेले संलिप्त होने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस अब कुछ ही दिनों में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
बता दें कि बीते 17 अगस्त की रात को डुंडा क्षेत्र में बालिका के साथ बलात्कार कर उसकी निर्मम हत्या किए जाने से समूचा उत्तराखंड दहल गया था। इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश द्वारा जुर्म कबूल किए जाने से हत्याकांड का खुलासा तो हो गया था, लेकिन उसे कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस को वैज्ञानिक जांच का इंतजार था।
न्यायालय के आदेश पर बालिका के शव से मिला सीमेन और खून तथा आरोपी के कपड़े आदि डीएनए जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब देहरादून भेजे गए थे। बृहस्पतिवार को इसकी रिपोर्ट आ गई।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर ने न्यायालय में खुलासे के बाद रिपोर्ट की जानकारी देते हुए बताया कि बालिका के शव से मिले खून और अभियुक्त के कपड़ों से मिले खून के दाग मैच हो गए हैं। शव पर मिला सीमेन भी अभियुक्त के सीमेन से मैच हुआ है।
इसके अलावा डीएनए के सैंपल भी मैच हुए हैं। रिपोर्ट में सिर्फ अभियुक्त द्वारा ही बलात्कार करने की पुष्टि होने से इस अपराध में किसी अन्य के भी शामिल होने की आशंका समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले की पड़ताल पूरी कर ली है। 4-5 दिन के भीतर इस मामले में न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।