बहन के साथ अपने दोस्त का रिश्ता न हुआ बर्दाश्त, तो नाबालिग भाई ने ऐसे दे डाली खौफनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रेम प्रसंग के चलते उत्तराखंड के रुद्रपुर में रंपुरा निवासी अर्जुन के चार नाबालिग दोस्तों ने ही उसकी हत्या की थी, हत्यारोपियों में एक नाबालिग दिव्यांग भी शामिल है। पुलिस पूछताछ में हत्या में शामिल एक नाबालिग ने बताया कि अर्जुन के उसकी बहन से प्रेम संबंध थे और इसी रंजिश में उसने दोस्तों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस ने चारों नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर दो आलाकत्ल चाकू भी बरामद कर लिए हैं। बता दें कि बृहस्पतिवार को शव की शिनाख्त होने पर अमर उजाला ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई थी।
शुक्रवार को रुद्रपुर कोतवाली में एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि बीते मंगलवार को फाजलपुर महरौला की नहर में मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त रंपुरा वार्ड 24 निवासी अर्जुन (22) पुत्र स्व. मेघराज के रूप में हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अर्जुन के कत्ल की पुष्टि के बाद एसपी सिटी देवेंद्र पींचा और एसपी क्राइम प्रमोद कुमार के निर्देशन में एक टीम गठित की गई थी। छानबीन में पता चला कि 15 मार्च को रंपुरा निवासी एक दोस्त के घर जन्मदिन पार्टी में जाने के बाद से अर्जुन लापता था।
पार्टी में अर्जुन के साथ मौजूद चार नाबालिग दोस्तों से सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि इनमें से एक युवक की बहन से अर्जुन के प्रेम संबंध थे, समझाने पर भी अर्जुन नहीं माना और उसने धोखे से बहन का अश्लील वीडियो भी बना लिया।
इसी रंजिश में उसने 15 मार्च की रात अर्जुन को रामपुर रोड स्थित झा इंटर कॉलेज के मैदान में बुलाया और उसके साथ शराब पीने के बाद तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव को फाजलपुर महरौला की नहर में फेंक दिया।
चारों नाबालिगों को कोर्ट में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा गया है। हत्याकांड के खुलासे पर पुलिस टीम को एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने ढाई, एसपी सिटी और एसपी क्राइम ने डेढ़-डेढ़ हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।