प्रेमी को देखते ही उतरा फेसबुकिया प्यार का भूत, गई घरवालों के साथ
फेसबुक से हुए इश्क के बाद युवती शादी की तमन्ना लिए अपना घरबार छोड़कर हरिद्वार पहुंची पर प्रेमी को देखते ही इश्क का भूत उतर गया। इसके बाद आगरा से आये युवती को उसके परिजन अपने साथ ले गए। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द किया।
शुक्रवार को आगरा की रहने वाली एक युवती नशे में उत्पात मचाती हुई मिली थी। जब पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली लाई थी तब पूरे मामले की हकीकत सामने आई थी।
दरअसल, पेशे से नर्स रही युवती का चार माह पूर्व फेसबुक पर उत्तरी हरिद्वार के भीमगोडा के रहने वाले चूड़ी माला व्यापारी से प्रेम प्रसंग हो गया था।
प्रेमी को देखते ही चूर-चूर हुए अरमान
शादी के इरादे से युवती जब शुक्रवार को यहां पहुंची थी तब उसे तब झटका लगा था जब प्रेमी विकलांग निकला। युवती मुंह मोड़कर वापस चल दी थी और रास्ते में एक रिक्शा चालक की मदद से खरीदकर शराब पी ली थी।
रिक्शा चालक उसका सामान लेकर भी चपत हो गया था। प्रेमिका के कोतवाली में होने की जानकारी मिलने पर प्रेमी भी पहुंच गया था। लाख मान मनौव्वल के बाद भी युवती शादी के लिए राजी नहीं हुई।
इधर पुलिस की सूचना पर युवती के परिजन आगरा से पहुंच गए थे। एसएसआई पंकज देवरानी ने बताया कि युवती को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।