#MeToo: भाजपा नेता के खिलाफ शुरू हुई जांच, दो दिन में देहरादून पहुंचकर बयान दर्ज कराएगी पीड़िता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीटू प्रकरण में एसपी देहात सरिता डोभाल ने पीड़िता महिला की शिकायत की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सोमवार को पीड़िता से संपर्क कर बयान के लिए देहरादून आने के लिए कहा है। पीड़िता ने एक-दो दिन में बयान दर्ज कराने की बात कही है।
गौरतलब है कि भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने प्रदेश के संगठन मंत्री संजय कुमार (पद से हटाए गए) पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शनिवार को पीड़िता ने एसएसपी को ई-मेल से तहरीर भेजी थी। इसके बाद एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने शिकायत की जांच एसपी देहात को सौंप दी थी। एसपी देहात सरिता डोभाल ने बताया कि सोमवार दोपहर तक पीड़िता का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहा था।
उनसे शाम करीब पांच बजे संपर्क हुआ। पीड़िता ने एक-दो दिन के भीतर दून पहुंचकर बयान दर्ज करने की बात कही है। एसपी डोभाल ने बताया कि पीड़िता के आने के बाद आगे की जांच की दिशा तय होगी। इस मामले में पूर्व की तहरीरों की भी जांच चल रही है। कोतवाली पुलिस से उनके संबंध में भी प्रगति आख्या मांगी है। ताकि, इनमें कोई साक्ष्य मिले तो उन्हें भी वर्तमान तहरीर की जांच में शामिल किया जा सके।
मीटू प्रकरण पर कांग्रेस ने दी राजभवन में दस्तक
भाजपा पदाधिकारी से जुडे़ मीटू प्रकरण पर कांग्रेस ने राजभवन पर दस्तक दी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अगुवाई में वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात की। इस मौके पर राज्यपाल को ज्ञापन देकर कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की जांच सिटिंग जज की देखरेख में एसआईटी से कराने की मांग की।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस नेता पार्टी मुख्यालय में जमा हुए और फिर सीधे राजभवन पहुंच गए। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा पदाधिकारी के मीटू प्रकरण से महिलाओं के प्रति इस पार्टी की सोच उजागर हो गई है। न तो राज्य सरकार और न ही भाजपा संगठन ने पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता के साथ इंसाफ करने की कोशिश की है। और तो और दून महानगर भाजपा अध्यक्ष ने जिस तरह से महिलाओं और राजनीति के संबंध में बात की है, वह घोर आपत्तिजनक है। कहा गया कि पीड़ित महिला ने दून पुलिस को सारे मामले की जानकारी दे दी है। तहरीर पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व मंत्री हीरा सिह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रभुलाल बहुगुणा, महामंत्री गोदावरी थापली, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, ताहिर अली, नजमा खान, महानगर महिला अध्यक्ष कमलेश रमन, प्रदेश सचिव आजाद अली, परिणीता बडोनी, शांति रावत, मंजू तोमर, विमला मनहास, चंद्रकला नेगी और सुशीला शामिल थे।