#Me Too मामले में पीड़िता की तहरीर के बाद एक्शन में आई पुलिस, भाजपा नेता के खिलाफ जांच शुरू
मीटू प्रकरण में पीड़ित महिला की शिकायत की जांच एसपी देहात सरिता डोभाल को सौंप दी गई है। पीड़िता ने शनिवार को संजय कुमार पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी को ई-मेल से तहरीर भेजी थी।
प्रकरण में पीड़िता का मोबाइल छीनकर उससे साक्ष्य मिटाने की शिकायत की भी कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। माना जा रहा है जांच के बाद पुलिस जल्द कार्रवाई कर सकती है।
भाजपा के संगठन महामंत्री संजय कुमार पर पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी की थी, लेकिन संजय के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर पीड़िता ने बीते दिनों अमर उजाला कार्यालय पहुंचकर आपबीती सुनाई और साक्ष्य उपलब्ध कराए। मामला सुर्खियों में आया तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संजय कुमार को पद से हटा दिया।
इसके बाद पीड़ित महिला ने शनिवार को संजय कुमार और पार्टी के एक अन्य सदस्य दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए एसएसपी को तहरीर भेजी। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने रविवार को बताया कि उन्हें पीड़िता की मेल मिल गई है।
मामले में एसपी देहात सरिता डोभाल को जांच के निर्देश दे दिए हैं। महिला के जो आरोप हैं उनके सापेक्ष उनसे साक्ष्य और बयान लिए जाएंगे। इधर, पीड़िता ने पार्टी सदस्य एक दंपति के खिलाफ धारा चौकी में चार अक्तूबर को शिकायत की थी।
एसएसपी ने बताया कि इस शिकायत की भी जांच की जा रही है। पीड़िता ने पहले मोबाइल गुम होने की शिकायत की थी, लेकिन कुछ दिन बाद उसने मोबाइल छीनने की भी तहरीर दी। ऐसे में दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है।