अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर मातृसदन में उबाल, मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी
संतों को लेकर दिए बयान पर मातृसदन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत स्वामी नरेंद्र गिरी पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है। उनके उस बयान पर मातृसदन के संतों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है जिसमें गंगा में खनन की आड़ में कुछ संतों पर राजनीति चमकाने का आरोप लगाया था।
मातृसदन के स्वामी दयानंद का कहना है कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने जो बयान दिया है उससे मातृसदन की गरिमा को आंच पहुंची और मातृसदन की ओर से इस संबंध में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
दूसरी ओर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी का कहना है कि उन्होंने कुछ भी गलत नही कहा है। मातृसदन के संत किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हैं।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी ने बयान जारी किया था कि कुछ संत गंगा में अवैध खनन की आड़ में राजनीति चमकाने का काम करते हैं।
उनके इस बयान से मातृसदन के संतों में आक्रोश है। मातृसदन के स्वामी दयानंद ने कहा है कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद समेत सभी संत गंगा को बचाने के लिए ही प्रयासरत हैं।
अवैध खनन करके गंगा के अस्तित्व को तहस नहस किया जा रहा है। ऐसे में चुप बैठा नही रहा जा सकता है। गंगा को बचाने के लिए मातृसदन के संत आंदोलन रहे हैं। ऐसे में मातृसदन संतों पर अंगुली उठाना उचित नही है। स्वामी दयानंद ने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।