बीजेपी प्रत्याशी के खाते में जुड़ेगा शादी के कार्ड की छपाई का खर्चा, पढ़ें क्या है पूरा माजरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में भाजपा प्रत्याशी के खाते में एक शादी के कार्ड के खर्चे की रकम जोड़ी जाएगी। बागेश्वर के गरुड़ में शादी के कार्ड में भाजपा का चुनाव चिह्न छापने और पार्टी का प्रचार करने के मामले में दूल्हे के पिता ने रविवार देर शाम प्रशासन के नोटिस का जवाब दे दिया।
दूल्हे के पिता ने गलती स्वीकारते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि ऐसा करना आचार संहिता का उल्लंघन होगा। उन्होंने कार्ड छपवाई में आए एक हजार रुपये के खर्च का ब्योरा और बिल अपने जवाब के साथ संलग्न कराया है।
इस पर प्रशासन ने एक हजार की राशि भाजपा प्रत्याशी के चुनावी खर्च में जोड़ दी है। बता दें कि अभी अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय सीट से भाजपा ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है लेकिन प्रत्याशी जिसे भी बनाया जाएगा, यह खर्च उसके खाते में जुड़ जाएगा।
ग्राम जोशीखोला, मटेना निवासी दंपत्ति जगदीश जोशी और देवकी जोशी ने 22 अप्रैल को होने वाली अपने बेटे शादी के कार्डों में भाजपा का चुनाव चिह्न छपवाते हुए लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की थी।
कार्ड के सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी राकेश तिवारी ने दूल्हे के पिता को आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
एसडीएम राकेश तिवारी ने बताया कि गलती स्वीकार करने और एक हजार की राशि प्रत्याशी के खाते में जोड़ दिए जाने के बाद अब दूल्हे के पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।