रुड़की: पानी को लेकर हुआ विवाद तो पड़ोसी ने ईंट मारकर फोड़ दिया शिक्षिका का सिर, हिरासत में लिया
- पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, शिक्षिका का कराया मेडिकल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की में पानी की निकासी के विवाद में एक पड़ोसी ने शिक्षिका के सिर पर ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया। घायल शिक्षिका को अस्पताल में उपचार दिलाया गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। शिक्षिका ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी (ढंडेरा) निवासी अर्चना शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। उनके पड़ोसी ने अपने घर के आगे से नाली बंद कर दी।
इसके चलते उनके घर से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। ऐसे में गंदा पानी सड़क पर घर के बाहर फैल रहा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को उन्होंने इसे लेकर आपत्ति की तो पड़ोसी ने गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर उसने ईंट से सिर पर हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गई। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गया।
घायल शिक्षिका को परिजनों ने सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया। साथ ही कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
भगवानपुर में दुकानदार के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज
भगवानपुर में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सहारनपुर जिले के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह भगवानपुर में अपने परिवार के साथ रहती है। वहीं जिला सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र का एक युवक भगवानपुर के रायपुर में मोबाइल की दुकान चलाता है।
आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती को बहला फुसलाकर उसके साथ करीब तीन साल तक दुष्कर्म किया। आरोप यह भी है कि अब आरोपी युवक उसे ब्लैकमेल भी कर रहा है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोहित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी को जेल भेज दिया गया है।