{"_id":"647503e0d991a7f8e3063765","slug":"malroad-became-a-pond-due-to-heavy-rain-road-closed-due-to-debris-dehradun-news-c-55-1-sdrn1025-136-2023-05-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mussoorie Weather: झमाझम बारिश से तालाब बनी मालरोड, मलबा आने से मार्ग हुआ बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mussoorie Weather: झमाझम बारिश से तालाब बनी मालरोड, मलबा आने से मार्ग हुआ बंद
Tue, 30 May 2023 08:43 PM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, मसूरी
संवाद न्यूज एजेंसी, मसूरी
Published by: देहरादून ब्यूरो
Updated Tue, 30 May 2023 08:43 PM IST
सार
मालरोड तालाब में तब्दील होने से पर्यटकों को रेलिंग के सहारे आवाजाही करनी पड़ी। वहीं, कैमल बैक रोड निरंकारी भवन के पास मलबा आने से मार्ग बंद हो गया।
विज्ञापन
माल रोड पर भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर में दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और अचानक झमाझम बारिश के साथ ओले पड़ने लगे। इससे मालरोड समेत विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, कैमल बैक रोड निरंकारी भवन के पास मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। बड़ी मुश्किल से लोगों ने यहां आवाजाही की।
विज्ञापन
जगह-जगह हुई जबरदस्त ओलावृष्टि का पर्यटकों ने खूब आनंद उठाया। हालांकि, बारिश के कारण शहर में बिजली भी गुल हो गई। इससे लोगों को परेशानी हुई। वहीं, मालरोड तालाब में तब्दील होने से पर्यटकों को रेलिंग के सहारे आवाजाही करनी पड़ी। नगर पालिका के नगर अभियंता वेद प्रकाश बंधानी ने बताया कि भारी बारिश के चलते कैमल बैक रोड निरंकारी भवन के पास मलबा आ गया था, जिसे बाद में हटा दिया था।
विज्ञापन
नालियां चोक होने से दुकान में घुसा पानी, सामान हुआ खराब
कुलड़ी के न्यू मार्केट स्थित परचून की दुकान के संचालक राजेश गोयल ने बताया कि नालियां चोक होने से उनकी दुकान में पानी घुस गया।करीब दो फीट तक पानी घुसने से दुकान में रखा आटा, चावल, दाल, मसाले सहित अन्य सामान खराब हो गया। बाल्टी की मदद से उन्होंने पानी को बाहर निकाला।
विज्ञापन
कोहरे के चलते डिवाइडर पर चढ़ी कार
सोमवार को तेज बारिश और कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम होने के कारण मोतीलाल नेहरू मार्ग पर चल रही कार डिवाइडर पर चढ़ गई। हालांकि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई।
30 मई तक पूरा होना था काम, अब पांच जून रखा लक्ष्य
इस साल छह फरवरी से शुरू हुए मालरोड सुधारीकरण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लाख दावे किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से लेकर डीएम और शासन के स्तर के अधिकारी मालरोड का निरीक्षण कर चुके हैं और अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं। अधिकारियों ने 30 मई तक मालरोड के सभी कार्यों को पूरा करने की बात कही थी लेकिन अभी तक काम अधूरे ही पड़े हैं। अब इस लक्ष्य को पांच जून तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि, वर्तमान हालत को देखकर लगता नहीं कि पांच जून तक भी काम पूरा हो पाएगा। लोनिवि के एई राजेंद्र पाल का कहना है कि पांच जून तक काम पूरा कर लेंगे।