सुप्रीम कोर्ट से पक्ष में फैसला आते ही शुरू होगा राम मंदिर का निर्माण-महंत धर्मदास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री पंच निर्वाणी अणी अखाड़े के परमाध्यक्ष श्रीमहंत धर्मदास ने कहा कि अयोध्या में शीघ्र ही भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। बैरागी कैंप स्थित अखाड़े के प्राचीन हनुमान मंदिर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रामजन्म भूमि मामले में मुख्य पक्षकार श्रीमहंत धर्मदास महाराज ने कहा कि मंदिर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई दीपावली से पहले पूरी होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा है। पक्ष में फैसला आते ही तुरंत मंदिर निर्माण शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज भी राममंदिर को लेकर न्यायालय के निर्णय पर सहमत है।
किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। सभी धर्म समुदाय के लोग चाहते हैं कि इस विवाद का हल अवश्य निकले। श्रीमहंत धर्मदास महाराज ने कहा कि महाकुंभ के दौरान देश भर से आने वाले बैरागी संतों की छावनियां बैरागी कैंप में लगती रही हैं।
2021 में हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ में देश भर से लाखों बैरागी संत हरिद्वार पहुंचेंगे। सरकार को जल्द से जल्द बैरागी कैंप क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार करना चाहिए।
उन्होंने बैरागी कैंप से अतिक्रमण हटाकर बिजली, पानी, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द कराए जाने की बात उठाई। कुंभ में अखाड़ों के शाही स्नान को लेकर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही कुंभ में शाही स्नान ब्रह्मकुंड पर होते चले आ रहे हैं।
पौराणिक एवं सनातन परंपराओं का निर्वहन हिंदू संस्कृति की पहचान है। इस पर किसी भी प्रकार की टीका टिप्पणी करना तर्कसंगत नहीं है। इस अवसर पर महंत श्रीराम दास, महंत मिंटू दास, महंत शरदजीत दास, महंत सुखदेव दास, महंत खुशदेव भी मौजूद रहे।