एलपीजी गैस सिलिंडर लेते हैं तो इन बातों पर ध्यान जरूर दें, नहीं तो पड़ सकता है भारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप रसोई गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करते हैं तो आपको इन बातों पर ध्यान जरूर देना चाहिए। सिलिंडिर लेने से पहले उसकी एक्सपायर डेट की जांच कर लें। क्योंकि सिलिंडर की डेट एक्सपायर होने के बाद कोई भी दुर्घटना हो सकती है। जिसकी जिम्मेदारी तेल कंपनी की नहीं होगी।
दरअसल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में आठ करोड़ महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन दिए गए हैं। यह ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्हें गैस के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं को जागरूक होने के आवश्यकता है।
इसके लिए तेल कंपनी अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही है। आईओसी के एरिया मैनेजर प्रभात कुमार ने बताया कि प्रदेश में उपभोक्ताओं को गैस के सुरक्षित इस्तेमाल करने के तरीके और नियम बताए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऐसे पहचानें एक्सपायरी डेट
जब भी एजेंसी से या डिलीवरी मैन से गैस सिलिंडर लें तो उसकी एक्सपायरी डेट जरूर देख लें। एक्सपायरी डेट के बाद सिलिंडर पर लगी सील की पकड़ कमजोर होने लगती है और सिलिंडर से गैस लीक होने लगती है। जिससे उसके फटने की खतरा बना रहता है।
अगर आपको सिलिंडर की एक्सपायरी डेट जाननी है तो उस पर लिखा कोड देखें। इस कोड में सिलिंडर के एक्सपायर होने का महीना और साल लिखा होता है। इसमें पूरे साल को चार हिस्सों में बांटा हुआ होता है। जिसमें जनवरी, फरवरी, मार्च के लिए ए, अप्रैल, मई, जून के लिए बी, जुलाई, अगस्त, सितंबर के लिए सी, और अक्तूबर, नवंबर, दिसंबर के लिए डी लिखा होता है। इसके आगे वर्ष लिखा होता है।
जरूर करें लीकेज की जांच
सिलिंडर लेते समय उसकी अच्छी तरह से जांच करें। कई बार गैस सिलिंडर नीचे की ओर गले हुए होते हैं और गली हुई जगह से गैस लीक होने लगती है। सिलिंडर की सील को हटाकर भी लीकेज की जांच अवश्य करें।
खुद सिलिंडर लाने पर कम करा सकते हैं डिलीवरी चार्ज
अगर आप अपना गैस सिलिंडर गोदाम से खुद ही लेकर आते हैं तो आप उसकी कीमत में से डिलीवरी चार्ज कम करवा सकते हैं। गैस एजेंसी आपके घर सिलिंडर पहुंचाने के लिए डिलीवरी चार्ज वसूल करती है और वह चार्ज गैस सिलिंडर की कीमत में ही जुड़ा होता है। इस समय डिलीवरी चार्ज 19.50 रुपये है।
यहां दर्ज करा सकते हैं शिकायत
उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर से जुड़ी कोई शिकायत है तो वह टोल फ्री नंबर 18002333555 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।