बसंती ने प्रपोजल ठुकाराया तो टावर पर ‘वीरू’ ने मचाया 'तांडव'
प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर शोले फिल्म के वीरू की तरह एक युवक चंपावत जिले के बनबासा में मोबाइल टावर पर तांडव मचा दिया।
वह तब तक टावर से नीचे नहीं उतरा जब तक कि उसकी प्रेमिका बसंती मौके पर नहीं पहुंच गई। प्रेमी युवक की इस हरकत से जहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं पुलिस के भी हाथ-पांव फूले रहे।
रविवार को मीना बाजार निवासी युवक अचानक बाजार के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और शोले फिल्म के वीरू की तरह जोर-जोर से ‘मैं कूद कर जान दे रहा हूं’ चिल्लाने लगा। उसकी इस हरकत पर टावर के पास लोगों भी भीड़ लग गई।
शादी का प्रस्ताव स्वीकार किया तब नीचे उतरा
सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष दीवान सिंह जलाल भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और वहां मौजूद लोग ने उससे बार-बार नीचे उतरने का आग्रह किया, लेकिन वह नहीं माना।
उसने बताया कि उसकी प्रेमिका ने शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया है और अब वह टावर से कूदकर आत्महत्या कर रहा है। उसकी इस हरकत से वहां मौजूद लोग सहमे रहे। आनन-फानन में उसकी प्रेमिका का पता लगा कर उसे मौके पर बुलाया गया।
प्रेमिका ने जब मोबाइल से बात कर शादी का प्रस्ताव स्वीकार किया तब जाकर वह नीचे उतरा। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल युवक को पुलिस हिरासत में लेकर युवक और युवती के परिजनों को थाने बुलाया गया है। खबर लिखे जाने पर उनके परिजन थाने में नहीं आए थे।