बांग्लादेशी युवती की फेसबुक पर युवक से हुई दोस्ती, टूरिस्ट वीजा लेकर पहुंची भारत किया निकाह
इश्क जब परवान चढ़ता है तो कोई भी सरहद उसका रास्ता नहीं रोक पाती है। ऐसा ही कुछ बांग्लादेश की युवती और गदरपुर के युवक बीच में हुआ। फेसबुक से हुई दोस्ती प्यार में बदली और युवती बांग्लादेश से गदरपुर पहुंच गई। यहां दोनों ने निकाह कर लिया।
दरअसल बांग्लादेश की रजिया की फेसबुक से गदरपुर निवासी नाजिम से दोस्ती हुई थी। प्रेम परवान चढ़ा तो उन्होंने एक दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया था। नाजिम को पाने की चाहत में रजिया ने टूरिस्ट वीजा लिया और सरहद पार कर 29 मई को नाजिम के घर गदरपुर पहुंच गई। बांग्लादेशी युवती के आने की जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई को हुई तो एसआई केसी कांडपाल ने रजिया को तलब कर उसके पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच पड़ताल की।
अलविदा जुमे की नमाज के बाद दोनों का निकाह हुआ
रजिया ने बताया कि कुछ समय पूर्व उसकी इस्लामनगर गदरपुर में रहने वाले युवक नाजिम से फेसबुक पर जान पहचान हुई थी। उन्होंने जिंदगी भर एक-दूसरे का साथ निभाने का निर्णय लिया था। वह बालिग है और अपने परिवार वालों की रजामंदी से उसने टूरिस्ट वीजा लिया है। कागजातों की औपचारिकता के बाद ही वह नाजिम के घर पहुंची है।
नाजिम के परिजनों ने शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज के बाद दोनों का निकाह करा दिया। निकाह के बाद रजिया अपने प्रेमी से शौहर बन चुके नाजिम के घर पर ही रह रही है। एसआई कांडपाल ने बताया कि युवती रजिया 90 दिन के टूरिस्ट वीजा पर गदरपुर आई है। अगर वह और रहना चाहेगी तो उसे दिल्ली दूतावास में पंजीकरण कराना होगा।