मिस कॉल से 'पटाई' लड़की तो पिट गए जनाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल में हुई मिस कॉल के जरिये अल्मोड़ा के एक गांव की लड़की की गाजियाबाद के एक युवक से जान-पहचान शुरू हुई और फिर मोबाइल से रोज बातें होने लगीं। कुछ ही दिनों में यह बातचीत प्रेम प्रसंग में बदल गई और दोनों ने साथ-साथ जीने मरने की कसमें खाली।
प्रेमी गुरुवार को गाजियाबाद से करीब 350 किमी का सफर करके लड़की को लेने उसके गांव पहुंच गया। उसकी लड़की से मुलाकात भी हो गई, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और पिटाई करके राजस्व पुलिस को सौंप दिया। उधर लड़की भी प्रेमी के साथ जाने के लिए अड़ गई और घर वालों के समझाने पर रोने लगी।
जानकारी के मुताबिक निकटवर्ती के गांव की एक लड़की के मोबाइल से छह माह पहले एक अज्ञात नंबर पर कॉल चली गई। यह नंबर गाजियाबाद के एक टैक्सी ड्राइवर का था। टैक्सी ड्राइवर ने उस नंबर पर कॉल किया और यहीं से दोनों में दोस्ती की शुरुआत हो गई।
छह माह से लगातार हो रही मोबाइल पर बात
पिछले छह माह से दोनों लगातार मोबाइल पर बातें करते रहे और फिर दोनों ने शादी करने की तक ठान ली। इस सिलसिले में गाजियाबाद निवासी प्रेमी इनोवा कार लेकर उसके गांव पहुंच गया। कार सड़क पर खड़ी करने के बाद वह लड़की के बताए स्थान पर पहुंच गया।
वहां दोनों बैठकर लंबे समय से बातें कर रहे थे। इस बीच गांव में इनोवा कार खड़ी देख लोगों को शक हुआ और कुछ देर बाद लोगों की नजर लड़की से बात कर रहे युवक पर पड़ी। लोगों ने उससे पूछताछ की और पिटाई करने के बाद राजस्व पुलिस को सौंप दिया।
इस बीच गांव के लोगों ने बालिग लड़की के परिजनों को भी वहां बुलवाया, लेकिन लड़की प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई और रोने लगी। लड़की का कहना था कि वह इसी युवक से शादी करना चाहती है और आज ही उसके साथ जाएगी। बाद में परिजन किसी तरह समझा-बुझाकर लड़की को घर ले गए।
राजस्व पुलिस ने युवक अमरेश कुमार (26 वर्ष) पुत्र किशन लाल निवासी शंकर विहार थाना खोड़ा, गाजियाबाद को शांति भंग के तहत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि लड़की के फोन से आई मिस कॉल के बाद दोनों में प्रेम संबंध हो गए और अब वह शादी करना चाहता है। फिलहाल युवक राजस्व पुलिस की कस्टडी में है।
मिस कॉल से दोस्ती के बाद दुराचार करने वाले को जेल
काशीपुर (ऊधमसिंह नगर) में मिस कॉल से एक युवक ने महिला से पींगें बढ़ाईं। दोस्ती बढ़ी तो कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुराचार किया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मूल रूप से पश्चिमी बंगाल निवासी महिला काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित एक कालोनी में किराए पर रहती है। कुछ समय पहले उसके मोबाइल पर एक युवक की मिस कॉल आई। धीरे-धीरे फोन पर महिला की ग्राम सरवरखेड़ा निवासी जमील अहमद से बात होने लगी और दोस्ती हो गई। मुलाकातें भी हुईं।
बीते बुधवार की शाम जमील अहमद ने महिला को फोन कर महाराणा प्रताप चौक बुलाया। महिला के आने पर जमील उसे साथ लेकर अपने घर ग्राम सरवरखेड़ा ले गया। महिला का आरोप है कि जमील ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुराचार किया। होश में आने पर महिला भाग निकली और पुलिस को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 376, 328 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।