रुड़की: पुलिस के पहरे को तोड़ पेट्रोल पंप में घुसे बदमाश, दो सेल्समैनों को तमंचा दिखाकर लूटे 50 हजार रुपये
- बाइक सवार तीन बदमाशों ने भाजपा नेता के एस्सार पेट्रोल पंप को दिनदहाड़े बनाया निशाना
- पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बावजूद लूट से मचा हड़कंप, एसएसपी ने घटना की ली जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लॉकडाउन के बीच चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस बल को धता बताते हुए बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दिनदहाड़े पेट्रोल पंप के सेल्समैनों को लूट लिया। नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर तैनात दो सेल्समैनों को तमंचे से डराकर 50 हजार की नकदी छीन ली और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
एसएसपी भी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में है। शहर से देहात तक लॉकडाउन के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा है। पुलिस वाहन चालकों पर नजर रख रही है। जरूरी खरीदारी के लिए भी एक बाइक या स्कूटी पर एक ही व्यक्ति सुबह सात से एक बजे तक बाहर निकल सकते हैं।
बावजूद इसके एक बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद तीन बदमाशों ने पुलिस की नाक के नीचे पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया और पुलिस लकीर पीटती रह गई। दरअसल, झबरेड़ा क्षेत्र में इकबालपुर-झबरेड़ा मार्ग पर खजूरी गांव के समीप भाजपा नेता विक्रांत त्यागी का एस्सार कंपनी का पेट्रोल पंप है। दोपहर करीब 12 बजे एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश युवक पेट्रोल पंप पहुंचे।
तीनों युवकों ने तमंचों के बल पर सेल्समैन नाथीराम और हर्षित को आतंकित कर दोनों की जेब में रखी करीब 50 हजार की नगदी छीन ली। इसके बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में अफरातफरी मच गई।
आननफानन में पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सूचना मिलते ही सीओ मंगलौर डीएस रावत मौके पर पहुंचे और सेल्समैनों से जानकारी ली। कुछ देर बाद एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस भी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। उधर, पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास के सीसीटीवी कैमे भी खंगाल रही है।
...तो बदमाशों ने की रेकी
पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूट से पहले पेट्रोल पंप की रेकी की। यह भी देखा कि पेट्रोल पंप पर कितने लोग तेल भराने आ रहे हैं। बदमाशों को यह भी पता होगा कि रविवार को बैंक में कैश जमा नहीं होगा। इसके अलावा लूट से पहले ही एक किसान करीब 40 हजार का डीजल लेकर गया था। इसके कुछ मिनट बाद ही बदमाश पेट्रोल पंप पहुंचे और नकदी लूट ली। आशंका यह भी जताई जा रही है कि बदमाश लोकल के ही रहने वाले हैं। अब पुलिस लोकल क्रिमिनल हिस्ट्री वाले लोगों की तलाश कर रही है। मैनेजर ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तीन सेल्समैन मौजूद थे। बदमाशों ने लूट से पहले दो सेल्समैनों को थप्पड़ मारा और फिर तमंचा दिखाकर नकली लूट ली।
शारीरिक दूरी बनाकर ली जानकारी
पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिलते ही खजूरी गांव के कई ग्रामीण पहुंच गए। एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस ने ग्रामीणों को वापस भेज दिया। पेट्रोल पंप पर एसएसपी ने शारीरिक दूरी बनाकर मामले की जानकारी ली। वहीं, एसएसपी ने सुरक्षा गार्ड की जानकारी ली तो पता चला कि पंप पर कोई गार्ड तैनात नहीं है। इस पर एसएसपी ने नाराजगी जताई।