झारखंड: रांची में पुलिस और राहुल सिंह गिरोह के बीच मुठभेड़, कुख्यात शाहिद के पैर में लगी गोली; दो पिस्टल बरामद
पुलिस टीम ने दोनों अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान शाहिद के पैर में गोली लग गई।
विस्तार
रांची में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। विधानसभा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में राहुल सिंह गिरोह के कुख्यात अपराधी शाहिद के पैर में पुलिस की गोली लगी है। वहीं, उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से दो पिस्टल समेत हथियार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह का कुख्यात अपराधी शाहिद अपने एक अन्य साथी के साथ लूटी हुई बाइक पर सवार होकर विधानसभा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध अपराधियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने दोनों अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान शाहिद के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- बिहार: सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत की शुरुआती सूचना; एसपी ने पांच की पुष्टि की
पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहिद कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। वह कांके के रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी और गुमला में शिवालया कंस्ट्रक्शन पर फायरिंग की घटना में भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और अन्य हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।