रुड़की: बाइक सवार दो बदमाशों ने गुड़ का पेमेंट लेकर लौट रहे कारोबारी पर किया हमला, झोंका फायर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के एक गुड़ कारोबारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। कारोबारी के बाइक दौड़ाने पर बदमाशों ने पीछे से फायर झोंक दिया। कारोबारी की कमर में छर्रे लगे हैं। कारोबारी ने झबरेड़ा पहुंचकर बदमाशों का शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। साथ ही कारोबारी को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। कारोबारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सहारनपुर के थाना देवबंद के गांव शिवपुर निवासी सुबोध पुत्र प्रीतम सिंह गांव में ही दूध का कारोबार है। पिछले साल उन्होंने झबरेड़ा क्षेत्र के एक किसान की जमीन किराए पर लेकर गन्ना चरखी लगाई थी। इस दौरान उन्होंने मंगलौर की गुड़ मंडी के एक व्यापारी को गुड़ बेचा था। शुक्रवार की शाम वह गुड़ का पेमेंट लेने के लिए बाइक से मंगलौर मंडी आए थे। यहां उन्होंने व्यापारी से गुड़ का एक लाख 54 हजार रुपये का पेमेंट लेकर घर लौटने लगे। झबरेड़ा के पास निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के पास पीछे से दो बाइक सवार आए और उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कारोबारी ने बाइक नहीं रोकी। बदमाशों को देख उन्होंने अपनी बाइक तेजी से दौड़ा दी। सुबोध के अनुसार तभी बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से फायर कर दिया।
जिससे छर्रे उनकी कमर में आकर लगे, लेकिन फिर भी उन्होंने बाइक नहीं रोकी। वह झबरेड़ा पहुंचे और बदमाशों का शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही घटना की सूचना झबरेड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। इसके बाद मामले की जानकारी उनके परिजनों को दी। परिजनों ने उन्हें रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया। इसके बाद कारोबारी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। उधर, सीओ डीएस रावत ने बताया कि कारोबारी के तहरीर देने की जानकारी मिली है। लेकिन गोल मारने की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है।
बदमाशों के निशाने पर रहे हैं गुड़ कारोबारी
गुड़ कारोबारी को निशाना बनाना बदमाशों की ओर से की गई पहली घटना नहीं है। पिछले साल भी बदमाशों के निशाने पर गुड़ कारोबारी और गन्ना चरखी रही थी। बदमाशों ने देवबंद से लेकर झबरेड़ा क्षेत्र में कई गन्ना चरखी पर ताबड़तोड़ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मंगलौर पुलिस ने देवबंद के बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया था। लेकिन इसके बाद भी बदमाशों के निशाने पर अब भी गुड़ कारोबारी हैं।
मंगलौर और झबरेड़ा क्षेत्र के कई गांव वेस्ट यूपी की सीमा से सटे हैं। इसके चलते वेस्ट यूपी के बदमाश इन क्षेत्रों में अक्सर सक्रिय रहते हैं। बदमाश इन क्षेत्रों में वारदात कर वेस्ट यूपी में भाग जाते हैं। ऐसे में स्थानीय पुलिस को बदमाशों का पकड़ना बड़ी चुनौती बन जाता है। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबारी से लूट का प्रयास और गोली मारने का एक बार फिर बदमाशों ने दुस्साहस कर दिया। ऐसा नहीं है कि गुड़ कारोबारी से हुई लूट की यह घटना पहली हो, पिछले साल गन्ने के सीजन में बदमाशों ने झबरेड़ा क्षेत्र में कई गन्ना चरखी और ढाबों पर जमकर कहर बरपाया था।
बदमाशों ने देवबंद और स्थानीय पुलिस की नाक में दम कर दिया था। इसी बीच मंगलौर पुलिस व सीआईयू की टीम ने देवबंद के एक गिरोह को पकड़कर घटना का खुलासा किया था। तब बदमाशों ने देवबंद और झबरेड़ा में कई वारदातें करना स्वीकारा था। अब एक बार फिर बदमाशों ने सिर उठा दिया है। ऐसे में पुलिस के सामने फिर से बदमाशों को पकड़ना व वारदात रोकना बड़ी चुनौती बनेगा।
...तो कारोबारी की हुई रेकी
मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबारी सुबोध का शुक्रवार की शाम मंगलौर मंडी से व्यापारी से गुड़ के पेमेंट लेकर वापस लौटते वक्त लूट के प्रयास में आशंका जताई जा रही है कि उनकी रेकी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि पेमेंट की जानकारी किसी करीबी या मंगलौर मंडी में व्यापारी से अलावा भी किसी अन्य को भी थी। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।