सेना को हथियार देने के बजाय मलाई खाने में जुटी रही कांग्रेस सरकार- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज रुद्रपुर के मोदी मैदान से विजय शंखनाद महारैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस सरकारों को मलाई खाने वाली बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार सेना को हथियार देने के बजाय मलाई खाने में जुटी रही।
आज दोपहर करीब दो बजे प्रधानमंत्री रुद्रपुर स्थित 31वीं वाहिनी के हैलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह रैली स्थल के लिए रवाना हुए। रैली स्थल में मंच पर पहुंचकर पीएम मोदी ने जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कुमांऊनी बोली में अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा 'उत्तराखंड के भाई बहनों तैं मेरू सादर नमस्कार। देवभूमि के करोड़ों लोगों का आशीर्वाद मेरे साथ छ'। मोदी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर आया तो ऊधमसिंह को नमन करता हूं। गुरु नानकजी के पग यहां पड़े ऐसी मिट्टी को प्रणाम।
देवभूमि को नमस्कार कर पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया। कहा कि जिस उत्तराखंड का सपना अटल बिहारी जी ने देखा था। वह अब साकार हो रहा है। इस क्षेत्र के विकास के लिए अलग-अलग प्रांत के लोगों ने जो सहयोग किया है वो भारत के लिए गर्व की बात है। हम विकास को नई ऊंचाई पर ले जा सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यहां की सड़कों को जोड़ने के हमने प्रयास किए। चारधाम ऑल वेदर रोड का काम तेजी से चल रहा है। हाईवे पर तेजी से काम हो रहा है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन की वर्षों से मांग थी। तेजी से इस पर भी काम चल रहा है। बाबा केदारनाथ में भी तेजी से काम हो रहा है। नमामि गंगे के तहत उत्तराखंड के कई शहरों में गंगा की सफाई के प्रयास हो रहे हैं। आज उत्तराखंड नए रास्ते में निकल पड़ा। अटलजी के वीजन के चलते रुद्रपुर शहर इंडस्ट्रीयल हब है।
पुराने साथियों ने उत्तराखंड के हर उतार चढ़ाव देखे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुराने साथियों ने उत्तराखंड के हर उतार चढ़ाव देखे हैं, हर सरकार के कामकाज देखे हैं। 2014 से पहले केंद्र सरकार 2017 से पहले उत्तराखंड की सरकार के कामकाज भी देखे। इससे आप भी भलिभांति परिचित हैं। सड़कों के अभाव में बागवानी और खेती दयनीय थी। इसी कारण पलायन को कोई नकार नहीं सकता। याद करिए उत्तराखंड की पहचान घोटालों से क्या हो गई थी। कभी राहत, आबकारी, खनन घोटाला। कांग्रेस के कल्चर ने उत्तराखंड को तबाह कर दिया था।
इस दौरान मोदी ने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि यहां के युवाओं को पलायन करने के लिए मजबूर किसने किया था? घोटाले किसने किए थे? बर्बादी कौन लाया था? उत्तराखंड के गांवों को सड़कों से वंचित रखने वाले कौन थे? उन्होंने पूछा कि क्या ऐसी कांग्रेस पार्टी को मौका मिलना चाहिए। ऐसे झूठे और वादाखिलाफी करने वाले लोगों को सजा मिलनी चाहिए या नहीं? उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को बटन दबाकर सजा देंगे क्या?। प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने उत्तराखंड के कोने-कोने तक विकास पहुंचाने का संकल्प लिया था। लेकिन कांग्रेस ने मेरे तमाम प्रयासों में अड़ेंगे लगाए थे। तब राज्य की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री का काम केवल दिल्ली कांग्रेस दरबार में हाजिरी लगाने का था। वह एक परिवार के बेरोजगार का रोजगार पक्का कराने के मिशन में जुटे थे। उन्हें यहां के हजारों युवाओं की चिंता नहीं थी।
विपक्ष द्वारा वीर सैनिकों को अपमानित किया जा रहा है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विपक्ष द्वारा वीर सैनिकों को अपमानित किया जा रहा है। हमारे वीर जवानों की वीरता पर सवाल उठाना क्या सही था। जब आतंकियों को घर में घुसकर मारा गया तो वीर जवानों पर इस प्रकार के सवाल करना ठीक था। क्या सेनाध्यक्ष को गाली देना सही था। भारत विरोधी बयान देना क्या देश की जनता माफ करेगी। आपको ऐसे सवालों के सही जवाब पता है। कांग्रेस के नामदार राजदरबारी करते हैं ऐसी बातें मोदी को नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मोदी को ऐसी बात नहीं करनी चाहिए। मोदी चुपचाप बैठ जाएगा क्या। डरने वाले संस्कार आपके इस चौकीदार में नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश के दुश्मन और विरोधी कान खोलकर सुन लें। हम डरने वाले नहीं, बल्कि डटने वाले हैं। यही संस्कार उत्तराखंड की मिट्टी में है। यही संस्कार मां भारती ने हमें दिए। डरने और झुकने वाले कांग्रेस के नामदार हैं। इनका खून तब भी नहीं खोला, जब भरी सड़क पर आतंकवादी खून बहा रहे थे। देश की सेना हथियार मांगती थी। वन रेंक वन पेंशन मांगती थी। बदला लेने की इजाजत मांगती थी। लेकिन सेनाध्यक्ष पर ही मुकदमा कर दिया गया। अफवाह फैला दी सेना सरकार का तख्ता पलटने वाली है। देश की सेना को कांग्रेस ने हथियार नहीं दिए। क्योंकि कांग्रेस का ध्यान देश सुरक्षा की बजाए मलाई खाने में लगा था। पीएम मोदी ने कहा कि सेना को हथियार देने के मसले पर मामा भांजे फंसे रहे। कांग्रेस राफेल सौदे पर बैठी रही। क्योंकि उसे मलाई नहीं मिल रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सपूतों वाली पार्टी वीरों की वीरता का सबूत मांगती है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष ने आड़े हाथ लिया। कहा कि देश विरोधी बातें बोलकर कांग्रेस हीरो बनना चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जो सलूक और काम देश के जवानों के साथ किया वहीं सलूक किसान और गरीबों के साथ किया। चार पीढ़ी पहले गरीबी हटाने का वादा कांग्रेस ने किया था, वहीं वादा इस बार भी कांग्रेस दोहरा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस रहेगी, देश के हर कोने में गरीबी रहेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उलब्धियां गिनाई। कहा कि 2022 तक इस देश में कोई परिवार पक्के घर के बिना नहीं रहेगा। इतिहास में पहली बार सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। ये तमाम काम अगर हुए हैं तो इसके पीछे मोदी या भाजपा सरकार नहीं है, आपका एक वोट है।
इस दौरान पीएम मोदी ने मंच से नैनीताल प्रत्याशी अजय भट्ट का नाम पुकारा। जनता से आह्वान किया कि सभी लोग वोट करें। जनसभा में भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने देश को मजबूत करने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। कहा प्रधानमंत्री की इच्छा शक्ति ने ही आज भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बना अंतरिक्ष में जासूसी करने वाले उपग्रह को नष्ट करने की क्षमता हासिल कर देश की सुरक्षा को मजबूत करने का काम किया है। कहा कि ईमानदारी से काम कर पांच वर्षों में विश्व के अन्य देशों से कोई कर्ज न लेकर पुराने कर्ज को भी वापस करने का काम किया है। जबकि कांग्रेस ने आज तक देश को लूटने का ही काम किया। इसके प्रमाण सामने आने लगे हैं। कहा कि मैंने पिछली बार वादा किया था कि उत्तराखंड आऊंगा। आज यहां आकर मैंने अपना वादा निभाया है। (बता दें कि विगत 14 फरवरी को मौसम खराब होने के कारण मोदी रुद्रपुर में आयोजित जनसभा में नहीं पहुंच पाए थे। तब उन्होंने मोबाइल से जनता को संबोधित किया था और फिर आने का वादा किया था।)
मोदी ने कहा कि यहां गंगा यमुना है, अलकनंदा है, पांच प्रयाग है। बद्री-केदार मिलाएं तो चार धाम बनते हैं। इनमें पांचवां धाम सैनिक धाम है। यहां आईएमए है, राष्ट्रीय इंडियन मिलेट्री कॉलेज है। गढ़वाल रायफल भी इसी धरती पर है। इस धाम उत्तराखंड को कोटी कोटी नमन। इसके बाद प्रधानमंत्री ने संबोधन खत्म किया और रुद्रपुर से रवाना हो गए।