मसूद अजहर को लेकर भाजपा का ये सवाल राहुल गांधी को दे सकता है टेंशन, रैली में मांगा जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के देहरादून आने से पहले प्रदेश भाजपा ने सवाल उछाले हैं। पार्टी ने उनसे पूछा है कि उनकी पार्टी के नेता सेनाध्यक्ष को अपशब्द कहते हैं और वे स्वयं आतंकी मसूद अजहर को मसूद जी कहकर उसका सम्मान करते हैं, आखिर क्यों?
शुक्रवार को जारी बयान में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के देहरादून आगमन पर भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन भाजपा इस सैन्य बहुल प्रदेश में उनके आगमन पर उनसे यह सवाल जरूर पूछना चाहती है कि एक ओर उनकी पार्टी के नेता सेनाध्यक्ष के प्रति अपशब्द का प्रयोग करते है और दूसरी ओर आतंकियों के प्रति हमदर्दी दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि इन बातों से कांग्रेस के चरित्र का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेना के शौर्य पर सवाल उठाती रहती है । पहली सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाली कांग्रेस के नेताओं ने पुलवामा की आतंकी घटना व सेना के जवाब को लेकर जिस प्रकार का व्यवहार किया उससे कांग्रेस सवालों के घेरे में है ।
डॉ. भसीन ने कहा कि कंधार प्रकरण में आतंकी मसूद को छोड़ने पर अटल सरकार पर आरोप लगाने वाले राहुल यह भूल गए कि वह निर्णय सर्वदलीय बैठक में लिया गया था जिसमें डॉ. मनमोहन सिंह उपस्थित थे।
उन्होंने सवाल किया कि राहुल को बताना होगा कि कांग्रेस सरकार में मंत्री ग़ुलाम नबी आजाद के साले व सांसद नेशनल कांफ्रेंस सांसद सैफुद्दीन सोज की बेटी को छुड़वाने के लिए आठ आतंकी क्यों छोड़े गए? उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत से सवाल हैं जिनका कांग्रेस को उत्तराखंड व देश की जनता को उत्तर देना होगा ।