चुनाव नतीजे 2019: उत्तराखंड की 5 सीटों पर आज होगा 52 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश की पांच लोक सभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 52 प्रत्याशियों के भाग्य फैसला आज होगा। निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी 11229 पोलिंग बूथों की मतगणना के लिए खास इंतजाम किए हैं।
आठ जिला मुख्यालयों में सुबह आठ बजे से ईवीएम से मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जबकि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, पौड़ी जिला मुख्यालय में सबसे पहले पोस्टल बैलेट मतों की गणना शुरू होगी। साढ़े आठ बजे के बाद ईवीएम मशीनों से मतों की गिनती शुरू की जाएगी।
लोक सभा चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को उत्तराखंड की सीटों पर मतदान हुआ था। इसमें कुल 7765423 मतदाताओं में से 4775517 ने मताधिकार का प्रयोग किया। पांचों सीटों पर 61.50 प्रतिशत मतदान हुआ था।
आज प्रदेश के 13 जनपद मुख्यालयों में मतगणना शुरू की जाएगी। देर शाम तक परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतगणना स्थलों पर विधानसभा वार काउंटिंग टेबल और सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए हैं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच ईवीएम से होगा वीवीपैट का मिलान
पोस्टल बैलेट मतों की गणना पांच घंटे में यानि एक बजे तक पूरी की जाएगी। जिसमें पोस्टल बैलेट मतों की चार स्तर पर क्यूआर कोड की स्कैनिंग होगी। एक मतपत्र की स्कैनिंग करने के लिए एक मिनट निर्धारित किया गया है।
पोस्टल बैलेट के अनुसार ही काउंटिंग टेबल की व्यवस्था की गई। ईवीएम से विधानसभा वार मतों की गिनती होगी। इसमें पोलिंग बूथों के हिसाब से 10 से 20 राउंड तक गिनती की जाएगी। अंतिम दो राउंड की गिनती तब तक नहीं की जाएगी। जब तब पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी नहीं होती है।
मतगणना में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच पोलिंग बूथों की ईवीएम के मतों को वीवीपैट की पर्ची से मिलान किया जाएगा। इस बार निर्वाचन आयोग ने शत प्रतिशत पोलिंग बूथों पर मतदान के लिए वीवीपैट का इस्तेमाल किया था।
आरओ करेंगे चुनाव नतीजे घोषित
पांच लोक सभा सीटों के रिटर्निंग आफिसर (आरओ) ही चुनाव नतीजे घोषित करेंगे। संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा के मतों को रिकार्ड संबंधित जिलों से आरओ को भेजा जाएगा। देहरादून में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के धर्मपुर, डोईवाला व ऋषिकेश विधानसभा की मतगणना होगी। इन तीनों विधानसभा का परिणाम हरिद्वार के आरओ को भेजा जाएगा।
सीटवार मतदान
लोकसभा सीट वोट पडे़ मतदान प्रतिशत
टिहरी 863513 58.30
पौड़ी 719724 54.47
अल्मोड़ा 678327 51.82
नैनीताल 1248892 68.69
हरिद्वार 1265061 68.92
कहां कितने मतदाता
-प्रदेश में कुल सामान्य मतदाता 7765423
-प्रदेश में महिला मतदाता-3711220
-प्रदेश में पुरुष मतदाता-4053944
-कुल सर्विस मतदाता-90858
-पांचों लोकसभा सीटों में 11229 पोलिंग बूथ
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी जनपदों में मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। पोस्टल बैलेट और ईवीएम के मतों की गणना के लिए अलग-अलग टेबलों की व्यवस्था की गई है। 11229 बूथों की गिनती के लिए 862 टेबल बनाए गए हैं। जहां पर 965 राउंड में मतगणना की प्रक्रिया चलेगी।
-सौजन्य, मुख्य निर्वाचन अधिकारी