Lockdown 4.0: क्वारंटीन सेंटर में प्रवासियों ने मचाया हुड़दंग, एसडीएम से अभद्रता, राजस्व टीम पर पथराव
- क्वारंटीन सेंटर में प्रवासियों पर शराब पीने का आरोप, चारों पर केस
- थलीसैंण के कपरोली गांव का मामला, ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम
- कालागढ़ के क्वारंटीन सेंटर में भी महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में पौड़ी तहसील थलीसैंण क्षेत्र के एक संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में कुछ प्रवासियों ने एसडीएम से अभद्रता करने के साथ ही राजस्व टीम पर पथराव किया। थलीसैंण पुलिस ने मामले में चार प्रवासियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तहसील थलीसैंण के कपरोली गांव स्थित एक हाईस्कूल में संस्थागत क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर में करीब 30 प्रवासियों को क्वारंटीन किया है, जिनमें कुछ परिवार भी शामिल हैं।
सोमवार देर रात को क्वारंटीन सेंटर में कुछ प्रवासी हुड़दंग करने लगे। उन पर शराब पीने का भी आरोप है। कपरोली के प्रधान प्रशांत सिंह ने इसकी सूचना एसडीएम थलीसैंण रविंद्र सिंह बिष्ट को दी। सूचना पर एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट क्वारंटीन सेंटर पहुंचे। इस दौरान सेंटर में कुछ प्रवासियों ने एसडीएम रविंद्र सिंह के साथ अभद्रता की और सेंटर के बाहर खड़ी राजस्व टीम पर पथराव किया।
थानाध्यक्ष थलीसैंण संतोष पैथवाल ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक अशोक कुमार की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने कहा कि क्वारंटीन केंद्रों पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवासियों को लॉकडाउन व क्वारंटीन के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। हुड़दंग मचाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
कालागढ़ के क्वारंटीन सेंटर में महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता
कोटद्वार के कालागढ़ के एक क्वारंटीन सेंटर में लोगों की जांच के लिए पहुंची महिला डॉक्टर के साथ दो लोगों ने अभद्रता की। महिला डॉक्टर ने दो लोगों के खिलाफ कालागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
कालागढ़ के उपनिरीक्षक रियाज अहमद ने बताया कि आरोपी एक व्यक्ति 24 मई को बिजनौर से और महिला निवासी कालागढ़ 24 मई को दिल्ली से कालागढ़ आए थे। रेड जोन से आने के कारण उन्हें क्वारंटीन सेंटर में रखा गया।
सोमवार सुबह एक चिकित्साधिकारी क्वारंटीन सेंटर में लोगों के स्वास्थ्य जांच के लिए गई थीं। तभी एक व्यक्ति और महिला ने स्वास्थ्य जांच में व्यवधान उत्पन्न करते हुए डॉक्टर से अभद्रता की। डॉक्टर ने थाने में दोनों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।