Uttarakhand Lockdown: प्रदेश के पांच बड़े अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए 1400 बेड का इंतजाम
- जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाएगी सरकार
विस्तार
कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के पांच बड़े अस्पतालों में 1400 बेड का इंतजाम कर लिया है। सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सरकार ने अस्पतालों के साथ समन्वय बनाने के लिए दो आईपीएस अफसरों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने आवास पर कोरोना महामारी से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट, दून अस्पताल, श्री महंत इंद्रेश हास्पिटल के प्रबंधकों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए राज्य सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। लोगों को संक्रमण से बचाने और संक्रमित मरीज का इलाज करने में प्राइवेट अस्पतालों का सहयोग बहुत जरूरी है।
सीएम ने कहा कि सरकारी अस्पतालों के साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों के इलाज के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार अस्पतालों में मेडिकल उपकरणों का प्रबंध किया जा रहा है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में आईसोलेशन, वेंटीलेटरों और एंबुलेंस की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
बैठक में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, महंत देवेंद्र दास, सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल राजेंद्र सिंह ठाकुर, सचिव स्वास्थ्य नितेश कुमार झा, एनएचएम के मिशन निदेशक युगल किशोर पंत, हिमालयन अस्पताल के विजय धस्माना, एम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रो. रविकांत आदि मौजूद रहे।
इन अफसरों को बनाया नोडल अधिकारी
सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में समन्वय बनाने के लिए सरकार ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। आईपीएस नीरू गर्ग को एम्स ऋषिकेश व हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट और आईपीएस केवल खुराना को दून अस्पताल व महंत इंद्रेश हास्पिटल के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया।
अस्पताल कोरोना मरीजों के बेड की संख्या
एम्स ऋषिकेश 400
दून अस्पताल 400
हिमालयन अस्पताल 200
महंत इंद्रेश अस्पताल 200
आर्मी अस्पताल देहरादून 200